उदयपुर में दर्दनाक हादसा: स्कूल से साइकिल पर जा रहे बच्चे को मिनी ट्रक ने कुचला, प्रदर्शन के बाद 5 लाख मुआवजे पर सहमति
उदयपुर में स्कूल से घर लौट रहे 11 साल के बच्चे को मिनी ट्रक ने कुचल दिया। टायर बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया था। हादसे में बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना बुधवार शाम प्रतापनगर थाना क्षेत्र इलाके की है। गुरुवार को गुस्साए लोगों ने उदयपुर-डबोक एयरपोर्ट नेशनल हाईवे पर नाकोड़ा नगर-रकमपुरा जाने वाले मार्ग पर प्रदर्शन किया।
तीन घंटे तक प्रदर्शन चला। इसके बाद क्षेत्रवासियों में से 7 से 8 जनों के प्रतिनिधी मंडल को पुलिस द्वारा जिला प्रशासन से वार्ता के लिए ले जाया गया। क्षेत्रवासी जीवन सोलंकी ने बताया कि 5 लाख मुआवजे पर सहमति बनी है। साथ ही क्षेत्र में 7 दिन में रोड बनाने का आश्वासन दिया है।
क्षेत्रवासियों ने कहा- बुधवार को बच्चे गोरांग शर्मा (11) का शव देखकर लोग घबरा गए, क्योंकि उसका शव बुरी तरह से कुचल गया था।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- गोरांग का सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था। उसकी साइकिल सड़क पर बने गड्ढे में गई, जिससे वह गिर गया। उसी समय पीछे से आ रहे मिनी ट्रक ने उसे कुचल दिया।

बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बच्चे की साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मिनी ट्रक को छोड़कर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। लोगों की भारी संख्या में भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची प्रतापनगर थाना पुलिस ने मिनी ट्रक जब्त कर किया था और आरोपी ड्राइवर के तलाश में जुट गई।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें
1. पीड़ित परिवार को मुआवजा:
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे के परिवार को सरकार और प्रशासन द्वारा उचित और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए।
2. खोदी गई सड़कों की मरम्मत:
नाकोड़ा नगर और आसपास की कॉलोनियों में विकास कार्यों के नाम पर खोदी गई सड़कों की तुरंत मरम्मत की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
3. गैस पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढों का भराव:
कॉलोनियों में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को तुरंत भरा जाए और वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।
