क्रिश्चियन और हिंदू रीति रिवाज से हुई नूपुर-स्टेबिन की शादी; बहन कृति सेनन के बॉयफ्रेंड कबीर रहे मौजूद, मौनी रॉय, दिशा पाटनी भी हुईं शामिल
उदयपुर। बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की बहन नूपुर सेनन और सिंगर स्टेबिन बेन ने उदयसागर झील के बीच स्थित लग्जरी होटल राफेल्स में रविवार (11 जनवरी) को हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचा ली। इससे एक दिन पहले दोनों ने क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी।
रविवार को हुई हिंदू शादी में दूल्हे स्टेबिन बेन क्रीम कलर की शेरवानी और सेहरा पहनकर बारात में पहुंचे। उन्होंने एंट्री के दौरान ‘साजन जी घर आए, दुल्हन क्यों शरमाए…’ गाने पर जमकर डांस किया। उनके साथ परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी झूमते नजर आए। शाम करीब 7:30 बजे फेरों की रस्म पूरी हुई, जिसके बाद दूल्हा-दुल्हन ने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया।


फूलों और लाइटिंग से सजा होटल
रविवार सुबह से ही शादी की रस्में शुरू हो गई थीं। इस मौके पर पूरे होटल को खूबसूरत फूलों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया था। शादी में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें दिशा पाटनी, मौनी रॉय, सिंगर बी प्राक, म्यूजिशियन ट्विन स्ट्रिंग और एक्टर राघव शर्मा शामिल हैं।

मुंबई में हुआ रिसेप्शन
शादी के बाद 13 जनवरी को मुंबई में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
मौनी रॉय ने शेयर की तस्वीर
शादी में शामिल हुईं एक्ट्रेस मौनी रॉय ने नूपुर के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा-“सबसे खूबसूरत दुल्हन, जिसने अब मेरा दिल जीत लिया है।” इसके अलावा अन्य सेलेब्स ने भी सोशल मीडिया पर दोनों को बधाई दी।

यूजिकल नाइट में बी प्राक और सागर भाटिया की धमाकेदार परफॉर्मेंस
क्रिश्चियन वेडिंग के बाद शनिवार देर रात म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया गया, जिसमें मशहूर सिंगर बी प्राक और कव्वाली गायक सागर भाटिया ने परफॉर्म किया।
बी प्राक ने ‘यूं ही रोने नहीं दूंगा…’ और ‘किसी और का हूं फिलहाल…’ जैसे हिट गानों से समां बांध दिया।
वहीं सागर भाटिया ने ‘सांसों की माला पे सिमरूं मैं…’, ‘सानू इक पल चैन न आवे…’ और ‘जिंदगी बेवफा मैंने माना मगर…’ जैसे गानों से महफिल लूट ली। इस दौरान नूपुर और स्टेबिन के परिवार के सदस्य जमकर थिरकते नजर आए।


पहले हुई थी क्रिश्चियन वेडिंग
शनिवार (10 जनवरी) को दोनों ने क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। इस दौरान नूपुर सफेद गाउन और स्टेबिन सफेद सूट में नजर आए, जबकि कृति सेनन टील ग्रीन कलर के गाउन में दिखाई दीं।

हल्दी और संगीत में छाया रहा डांस का माहौल
शादी से पहले हल्दी और संगीत सेरेमनी में कृति सेनन ने अपनी बहन के साथ जमकर डांस किया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कृति, नूपुर और उनकी सहेलियों के साथ ‘सजना जी वारी-वारी’ गाने पर डांस करती दिखीं। वहीं एक अन्य वीडियो में कृति, एक्टर वरुण शर्मा के साथ भोजपुरी गाने ‘लॉलीपॉप लागेलू’ पर डांस करती नजर आईं।


कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
वेडिंग को लेकर होटल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। फैमिली मेंबर्स के अलावा किसी को भी फोटो लेने की अनुमति नहीं थी और होटल स्टाफ को भी सभी फंक्शन की जानकारी गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए थे।
पहले भी हो चुकी हैं कई हाई-प्रोफाइल शादियां
राफेल्स होटल में इससे पहले भी कई हाई-प्रोफाइल शादियां हो चुकी हैं, जिनमें बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु, क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और IAS परी बिश्नोई की शादी शामिल है।
