शादियों में नया ट्रेंडः युवा बनवा रहे अपने कपड़ों के मैचिंग की वरमाला, कस्टमाइज्ड वरमालाओं का दाम 2500 से 5000 तक, सामान्य 800 से 1500 रुपए की
शादियों का सीजन शुरू होते ही शहर में कस्टमाइज्ड वरमालाओं की मांग तेजी से बढ़ जाती है। अब युवा कपल्स सिर्फ पारंपरिक फूलों की वरमाला तक सीमित नहीं रहना चाहते। वे चाहते हैं कि उनकी वरमाला उनकी पसंद, रंग और शादी की थीम के अनुसार पूरी तरह यूनिक और यादगार हो। सामान्य वरमालाओं की कीमत आमतौर पर 800 से 1500 रुप होती है, जबकि कस्टमाइज्ड वरमालाओं का दाम 2500 से 5000 रुपये तक होता है, यह फूलों की क्वालिटी और सजावट पर निर्भर करता है।

आजकल युवा शादी को यादगार और स्टाइलिश बनाना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि उनकी वरमाला न केवल रस्म का हिस्सा हो, बल्कि फोटो और वीडियो में भी खूबसूरत दिखे। इसलिए पारंपरिक फूलों की बजाय कस्टमाइज्ड वरमालाओं की ओर रुझान बढ़ा है। युवा कपल्स सोशल मीडिया फ्रेंडली और यूनिक स्टाइल को प्राथमिकता देते हैं।

फ्लोरिस्ट का नया अंदाज
शहर के फ्लोरिस्ट अब सिर्फ फूलों पर ही नहीं बल्कि इनोवेशन और सजावट पर भी ध्यान दे रहे हैं। कुछ वरमालाओं में छोटे क्रिस्टल, एलईडी लाइट्स, मोनोग्राम और पेंडेंट्स भी जोड़े जाते हैं। यह वरमाला को सोशल मीडिया के लिए भी परफेक्ट बनाता है। युवा कपल्स चाहते हैं कि उनकी शादी की फोटो और वीडियो दूसरों को भी आकर्षित करें।
ये फूल हैं ट्रेंड में
शहर में सबसे ट्रेंडिंग फूल हैं गुलाब, ऑर्किड, लिली, डेजी और मनीफूल। कई कपल्स वरमाला में दो या तीन तरह के फूलों का मिश्रण करवाते हैं। कुछ शादी की थीम के अनुसार फूल चुनते हैं, जैसे पिंक और ऑरेंज का कॉम्बिनेशन या सफेद और हल्का पर्पल। इससे वरमाला न केवल खूबसूरत दिखती है बल्कि शादी की थीम के अनुसार भी पूरी होती है।

मार्केट की तैयारी
शहर के फ्लोरिस्ट और डेकोरेटर्स पहले से ही शादी के सीजन के लिए तैयार रहते हैं। वे मौसमी फूलों का स्टॉक पहले से रखते हैं और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करते हैं। इससे कपल्स को उनकी पसंद की वरमाला बिना देरी के मिल जाती है। शादी आयोजक भी मानते हैं कि कस्टमाइज्ड वरमालाओं ने उदयपुर की शादियों का माहौल और आकर्षण बढ़ा दिया है।
