परीक्षा को बोझ नहीं, सीखने का अवसर मानें: ‘परीक्षा पे चर्चा-2026’ में पीएम मोदी ने उदयपुर के छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘परीक्षा पे चर्चा-2026’ के 9वें संस्करण के तहत देशभर के छात्रों से सीधा संवाद किया। इसके तहत उदयपुर के सरकारी स्कूलों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शुक्रवार को पीएम मोदी की यह चर्चा बच्चों को लाइव दिखाई गई।
इस दौरान पीएम मोदी ने बच्चों को परीक्षा तैयारी के लिए टाइम मैनेजमेंट, पॉजीटिव सोच और कॉन्फिडेंस के साथ पढ़ाई पर फोकस रखने के टिप्स दिए।
पीएम मोदी ने छात्रों को परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि सीखने के अवसर के रूप में देखने का संदेश दिया। उदयपुर के सरकारी फतह सी.सैकंडरी स्कूल, सरकारी रेजीडेंसी सी.सैकंडरी स्कूल, गुरुगोविंद सरकारी स्कूल आदि में ‘परीक्षा पे चर्चा’ लाइव दिखाया गया। बता दें कि 10वीं और 12वीं की 12 फरवरी से बोर्ड परीक्षा है।
छात्र लोकेश शर्मा ने कहा- उन्हें पीएम मोदी ने टिप्स देते हुए बताया कि एग्जाम से पहले किसी तरह का प्रेशर नहीं लेना चाहिए। पूरे सालभर तैयारी करते हैं, लेकिन एग्जाम सेंटर पर जाते ही डर महसूस होता है। हमें खुद पर विश्वास होना चाहिए।
वहीं छात्रा गौरवी पालीवाल ने बताया- हमें ये पता लगा कि टाइम मैनेजमेंट अगर हम बनाकर चलेंगे तो तैयारी अच्छी होगी। लक्ष्य हमें रखना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए उससे जुड़ी जानकारियां बारीकी से समझनी और पढ़नी चाहिए। इससे मंजिल मिल जाती है।
