उदयपुर में पूर्व पार्षद की सड़क हादसे में मौत, गाड़ी की टक्कर से बेकाबू होकर गिरे, इलाज के दौरान तोड़ा दम
उदयपुर में नगर निगम के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता की सड़क हादसे में मौत हो गई। वार्ड 38 से पार्षद रह चुके हेमंत बोहरा रात को सूरजपोल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान बीएन कॉलेज से पहले गोविंदपुरा-सुभाषनगर मार्ग पर पीछे से आई गाड़ी ने टक्कर मार दी। इससे वो अनियंत्रित होकर गिर गए। इसके बाद उन्हें गीताजंलि अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, हेमंत बोहरा शनिवार रात करीब 10:15 बजे शहर के सूरजपोल से सेक्टर 3 स्थित अपने घर की तरफ जा रहे थे। तभी बीएन कॉलेज से पहले गोविंदपुरा-सुभाषनगर मार्ग के बाहर किसी गाड़ी की टक्कर से गंभीर घायल हो गए। उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं। बोहरा रात को अपने कुछ मित्रों से मिलकर घर के लिए निकले थे। उन्हें किसी गाड़ी ने टक्कर मारी, इसका पता नहीं चल पाया है।
हादसे के बाद लोगों ने उन्हें गीताजंलि अस्पताल पहुंचाया। यहां देर रात को ही उनके सिर में गहरी चोट लगने पर ऑपरेशन भी किया गया। यहां सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सुबह बोहरा के साथ हादसे और निधन की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में बीजेपी नेता अस्पताल पहुंचे। बोहरा के निधन पर बीजेपी नेताओ ने शोक भी जताया है। उनका अंतिम संस्कार रविवार को दोपहर 2 बजे किया जाएगा।
