बाहुबली पहाड़ पर आग के बीच फंसे टूरिस्ट की मौत; हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ा, बाहुबली हिल पर घूमने गया था युवक, तभी आग में फंसा

March 10, 2026 | desk | News

उदयपुर में टूरिस्ट स्पॉट बाहुबली हिल क्षेत्र में सोमवार शाम को अचानक लगी आग फंसे एक टूरिस्ट की आज सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। झाड़ियों के बीच आग में दम घुटने से उसकी तबीयत बिगड़ गई थी।

सूचना पर पहुंची नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम ने मुश्किल से टूरिस्ट का रेस्क्यू किया था। उसे वेसुध हालत में एमबी हॉस्पिटल भर्ती कराया था। जहां आज सुबह 7 बजे उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान माखनसिंह (33) पिता मांगू सिंह निवासी रतलाम, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। माखनसिंह यहां घूमने आया हुआ था। सूचना पर मृतक परिजन उदयपुर पहुंच गए। पुलिस ने शव को मोर्चरी में शिफ्ट कराया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप लिया और युवक फंस गया

फायर ब्रिगेड अधिकारी बीएल चौधरी ने बताया कि सोमवार शाम को अकेला ही बाहुबली हिल पर पहुंचा था। इसी दौरान लग रही आग अचानक बढ़ने लगी और वो वह बीच में ही फंस गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। पूरी पहाड़ी घने काले धुएं की आगोश में समा गई। जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण युवक का दम घुटने लगा। तभी वह जोर-जोर से बचाव के लिए चिल्लाने लगा। सूचना पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। बड़ी मशक्कत से युवक का रेस्क्यू किया। उसे तुरंत सीपीआर दिया गया। फिर हॉस्पिटल पहुंचाया।

गर्मी और सूखे के कारण लगी आग

बीएल चौधरी ने बताया कि वर्तमान में गर्मी और जंगल में सूखे के कारण आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी स्थिति में लोग बिना सुरक्षा उपकरणों के आग बुझाने या उसके पास जाने का जोखिम न उठाएं। आग लगने पर वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड और अन्य दमघोंटू गैसें बनती हैं, जिससे व्यक्ति बेहोश हो सकता है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 100, 101 या निगम के हेल्पलाइन नंबर 0294-2414111 पर सूचना दें।