AC की ठंडी हवा बन सकती है आंखों की दुश्मन! ड्राई आई से बचने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

May 14, 2026 | priyanshu chouhan | Lifestyle

गर्मियों में ठंडक देने वाला एसी अब आंखों की सेहत पर असर डालने लगा है। लंबे समय तक एयर कंडीशनर वाले कमरों में बैठकर काम करने वाले लोगों में आंखों में सूखापन, जलन और चुभन की शिकायतें तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक इसे मामूली थकान समझकर नजरअंदाज करना आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकता है। ऐसे में कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इस समस्या से बचा जा सकता है।

दरअसल हमारी आंखों पर आंसुओं की एक पतली परत होती है, जो उन्हें नम बनाए रखने और सुरक्षा देने का काम करती है। एसी कमरे की नमी कम कर देता है, जिससे यह परत जल्दी सूखने लगती है। इसके कारण आंखों में जलन, खुजली, सूखापन और कई बार धुंधला दिखाई देने जैसी दिक्कतें होने लगती हैं।

आंखों के विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर स्क्रीन देखने से पलक झपकाने की आदत कम हो जाती है। इससे आंखों की नमी तेजी से खत्म होने लगती है। वहीं एसी की ठंडी हवा सीधे चेहरे पर लगने से समस्या और बढ़ जाती है। शरीर में पानी की कमी और बंद कमरों में खराब वेंटिलेशन भी ड्राई आई की परेशानी को गंभीर बना सकता है।

बचाव के आसान उपाय

  • इस समस्या से बचने के लिए एसी का टेंपरेचर नॉर्मल रखना जरूरी होता है।
  • इसके साथ ही हवा को सीधे चेहरे पर आने से रोकना चाहिए। 
  • 20-20-20 नियम अपनाना फायदेमंद होता है, जिसमें हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए 20 मीटर दूर की किसी वस्तु को देखना चाहिए। 
  • लगातार बार-बार पलक झपकाते रहना चाहिए।
  • दिन में पर्याप्त पानी पीना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो पाए। 
  • जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से आंखों के लिए लुब्रिकेटिंग ड्रॉप्स का इस्तेमाल करना चाहिए।

अगर आंखों में लगातार जलन, लालिमा, दर्द या सूखापन बना रहे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय रहते ध्यान देने से ड्राई आई जैसी समस्या से बचा जा सकता है।