भगवान जगन्नाथ स्वामी की शाही रथ यात्रा 16 जुलाई को, रजत रथ में देंगे श्रद्धालु को दर्शन; शहरभर में तैयारियां शुरू

May 24, 2026 | desk | Festivals

उदयपुर। भगवान जगन्नाथ स्वामी 16 जुलाई को शाही अंदाज में नगर भ्रमण पर निकलेंगे। दोपहर 3 बजे जगदीश चौक स्थित जगदीश मंदिर से रजत रथ में विराजित होकर भगवान अपने भक्तों को दर्शन देंगे। उनके साथ माता लक्ष्मी एवं दाणी रायजी भी होंगे।

प्रवक्ता राजेंद्र सेन ने बताया कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा समिति की ओर से इस वर्ष रथ यात्रा आषाढ़ सुदी द्वितीया को भव्य रूप में निकाली जाएगी। हजारों श्रद्धालु, हाथी-घोड़े, आकर्षक झांकियां और भक्ति संगीत के साथ यात्रा निकलेगी। ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ जैसे जयकारों के बीच भक्त नाचते-गाते हुए प्रभु के साथ नगर भ्रमण करेंगे।

भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा समिति ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। समिति पदाधिकारियों के अनुसार रथ यात्रा को इस बार भी भव्य और शाही स्वरूप दिया जाएगा। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सहभागिता का उत्सव है, जिसमें हर समाज और वर्ग की भागीदारी रहती है। समिति कार्यालय में संयोजक दिनेश मकवाना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। समिति प्रवक्ता राजेंद्र सेन ने बताया कि यात्रा में शामिल झांकियां और शाही लवाजमा मुख्य आकर्षण रहेंगे। बैठक में रमेशचंद्र लालवानी, हेमेंद्र पुजारी, जगदीश पुजारी, अक्षय सिंह राव, कैलाश सोनी, प्रदीप सेन, कैलाश जिनगर और ऋतुराज शर्मा आदि मौजूद रहे।

निमंत्रण कार्यक्रम 26 को

रथ यात्रा से पहले 26 मई को सुबह 10 बजे जगदीश मंदिर प्रांगण में विशेष निमंत्रण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भगवान जगन्नाथ स्वामी को पीले चावल, श्रीफल और मिठाई का भोग अर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों के प्रमुख, साधु-संत और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसी अवसर पर रथ यात्रा के पोस्टर का विमोचन भी किया जाएगा