टूरिस्ट का मोबाइल ढूंढने झील में उतरा बोट ऑपरेटर, मौतः सिविल डिफेंस के सदस्य को भी दिया था पैसे का लालच, बोला- 20 हजार दूंगा फोन निकाल दो
उदयपुर की फतहसागर झील में देर शाम एक ‘उज्जैन बोटिंग’ पर बोट ऑपरेटर की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसी टूरिस्ट का मोबाइल पानी में गिर गया था। जिसे ढूंढने के लिए वह पानी में कूदा। इसके बाद वह बाहर नहीं आ पाया। हैरानी वाली बात ये है कि मौके पर बोटिंग का अन्य स्टाफ सहित लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने उसे बचाने की किसी कोशिश नहीं की।
सूचना पर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और 15 मिनट में शव को जेटी के नीचे से ढूंढकर बाहर निकाला। शव अंबामाता थाना पुलिस को सुपुर्द किया। मृतक की पहचान सरवैया विनोदभाई (66) निवासी भावनगर गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस ने शव एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी में शिफ्ट कराकर परिजनों को सूचना दे दी है।
सिविल डिफेंस के सदस्य कैलाश मेनारिया ने बताया कि घटना के बाद कुछ ही देर पहले मेरे पास गुजरात के एक टूरिस्ट का फोन आया था। उसने किसी से मेरे नंबर लिए थे। उसने मुझे कहा था कि मेरा महंगा मोबाइल झील में गिर गया है। आप निकालकर दे दो। मैं आपको 20 हजार रुपए दूंगा। मैंने ये कहते हुए मना कर दिया कि मैं प्राइवेट काम नहीं करता। फिर उसने बड़े अधिकारियों से फोन करा देने की बात कहते हुए दबाव बनाया लेकिन मैंने साफ मना किया।
उसके फोन कटने के करीब 20 मिनट बाद सूचना आई कि झील में मोबाइल ढूंढते हुए कोई डूब गया है। तभी मैं समझ गया था कि उसी टूरिस्ट ने बोट ऑपरेटर को लालच देकर बोला झील में उतरने को मजबूर किया होगा। हम मौके पर पहुंचे, तब तक टूरिस्ट फरार हो चुका था।
सिविल डिफेंस के कैलाश मेनारिया ने बताया कि बोटिंग करने आए किसी टूरिस्ट का जेटी के पास झील में मोबाइल गिर गया था। जिसे उठाने के लिए वहां मौजूद बोट ऑपरेटर सरवैया ने झील में डुबकी लगाई। वह मोबाइल ढूंढता हुआ जेटी के नीचे चला गया। जहां से संभवतय उसे बाहर आने का रास्ता नहीं दिखा और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
