कन्हैयालाल हत्याकांड के जख्म फिर हरे! डीएसपी गोविंद राजपुरोहित की पोस्टिंग पर भड़का परिवार
राजस्थान पुलिस विभाग द्वारा मंगलवार तड़के जारी की गई आरपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में 141 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इसी सूची में उदयपुर के बहुचर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड के समय धानमंडी थाने के तत्कालीन थानाधिकारी रहे गोविंद राजपुरोहित को गिर्वा का डीएसपी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि कन्हैयालाल हत्याकांड के समय गोविंद राजपुरोहित धानमंडी थाने में थानाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद विभागीय कार्रवाई के तहत उन्हें निलंबित कर दिया गया था। अब उनकी डीएसपी पद पर पदोन्नति और उदयपुर में ही नियुक्ति को लेकर कन्हैयालाल के परिजनों ने नाराजगी व्यक्त की है।
कन्हैयालाल के पुत्र यश साहू ने कहा कि उनके पिता की हत्या के मामले में आज तक परिवार को न्याय नहीं मिला है, जबकि घटना के समय के तत्कालीन थानाधिकारी को पदोन्नति देकर डीएसपी बनाया गया है और उदयपुर में ही तैनाती दी गई है।
यश साहू ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि जब तक कन्हैयालाल हत्याकांड में न्याय की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक गोविंद राजपुरोहित को उदयपुर में पदस्थापित नहीं किया जाना चाहिए।
परिजनों के इस बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
