मौसम बिगड़ा, बंद नहीं की जिप लाइन, 8 मिनट फंसे रहे 2 पर्यटक; मौसम अलर्ट के बीच ऑपरेटर ने राइड पर भेज दिया

June 18, 2026 | desk | News

शहर में बुधवार शाम अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के बीच दूधतलाई स्थित जिप लाइन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टला। मौसम खराब होने के अलर्ट के बावजूद सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर जिप लाइन का संचालन बंद नहीं किया गया।

ऑपरेटर की इस लापरवाही से दो पर्यटकों की जान जोखिम में पड़ गई। दोनों पर्यटक करीब 8 मिनट तक हवा में बीचों- बीच फंसे रहे, जिन्हें बाद में सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है, क्योंकि दोनों कुछ ही देर बाद चले गए थे। बता दें, जिप लाइन 630 मीटर लंबी है। इसकी ऊंचाई 70 फीट से ज्यादा है। संचालन का समय सुबह से सूर्यास्त तक है।

रेस्क्यू से पहले : हवा के थपेड़ों के बीच अटकी रही जान

  • शाम 6:00 बजे : दो युवक दूधतलाई स्थित जिप लाइन की राइड के लिए पहुंचे। दोनों पर्यटक माणिक्य लाल वर्मा पार्क से होते हुए दीनदयाल पार्क की तरफ जाने के लिए ट्रैक पर निकले थे।
  • 100 मीटर दूर अटकेः दोनों युवक जैसे ही आगे बढ़े, अचानक चली तेज हवा के भारी दबाव के कारण वे महज 100 मीटर की दूरी पर जाकर बीच में ही अटक गए।
  • मची चीख-पुकार : खुद को हवा में फंसा देख दोनों युवकों ने बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर दूधतलाई पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ नीचे जमा हो गई। दोनों पर्यटक करीब 7 से 8 मिनट तक बीच में ही लटके रहे।
  • सुरक्षित रेस्क्यू ः स्थिति बिगड़ती देख जिप लाइन के बचावकर्मी ने तुरंत तत्परता दिखाई और तार के बीच फंसे दोनों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दोनों पर्यटकों ने राहत की सांस ली।

वीडियो भी देखे