दोस्तों की ₹20 की बचत से शुरू हुआ गणेशोत्सव, आज बन गया उदयपुर का भव्य आयोजन

September 18, 2026 | desk | Cultural

उदयपुर। बापू बाजार में श्री स्वास्तिक गणपति मित्र मंडल पिछले 25 वर्षों से गणपति प्रतिमा स्थापित कर गणेशोत्सव मना रहा है। एक फीट की प्रतिमा को टेबल पर स्थापित करने से शुरू हुआ यह सिलसिला अब 20 फीट की भव्य प्रतिमा तक पहुंच चुका है। शहर के प्रमुख गणपति मंडलों में शामिल इस पंडाल में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2002 में उनकी दुकान के बाहर भाई ने एक फीट की गणपति प्रतिमा टेबल पर स्थापित की थी। इसके बाद वर्ष 2005 में पांच दोस्तों ने मिलकर आयोजन को बड़े रूप में शुरू किया। गणेशोत्सव के दौरान सभी दोस्त रोजाना ₹20 एकत्रित करते थे, इसी राशि से गणपति प्रतिमा के साथ प्रतिदिन प्रसाद और रोशनी का खर्च निकाला जाता था। इस आयोजन को स्व. सुमित आसमरा का विशेष सहयोग मिला। वर्ष 2016 में दीपू सुलतान नाम की गणपति प्रतिमा स्थापित की गई। इसके बाद कई लोग इस संगठन से जुड़े और हर साल भव्य आयोजन होने लगा।

हर दिन बदलता है गणपति का श्रृंगार पंडाल में गणपति प्रतिमा का दस दिनों तक रोज अलग-अलग श्रृंगार किया जाता है। इसमें श्रीनाथजी, खाटू वाले श्याम बाबा, जगन्नाथजी, हनुमानजी और बालाजी आदि स्वरूपों में गणेशजी के दर्शन होते हैं। वर्ष 2025 में ₹5.51 लाख के नोटों से श्रृंगार कराया गया था, जबकि 2026 में ₹1.51 करोड़ रुपए के नोटों की आंगी की गई। एक से 20 सदस्यों तक पहुंची समिति कभी एक व्यक्ति से शुरू हुआ कारवां आज 20 सदस्यों की समिति बन चुका है। आयोजन में अध्यक्ष वैभव अग्रवाल के साथ महामंत्री जय कुड़ाड़िया, कोषाध्यक्ष मनीष बंदवाल, मंत्री मोहित बंदवाल और उपाध्यक्ष रोनक सहित अन्य सदस्य प्रतिनिधित्व करते हैं। आज होगा भव्य आयोजन, जिसे लेकर पंडाल में विशेष तैयारियां की गई हैं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।