40 KM पैदल चलकर पहुंचे सांवलियाजी के दरबार, व्यापारी ने चढ़ाया 1.2 किलो चांदी का सीमेंट प्लांट!

September 21, 2026 | desk | Culture

कारोबार में सफलता की मन्नत पूरी होने पर चढ़ाया चांदी का मॉडल राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में एक व्यापारी ने अपनी अनोखी भेंट अर्पित की। निम्बाहेड़ा निवासी धर्मराज बंजारा ने कारोबार में सफलता की मनोकामना पूरी होने पर भगवान सांवलिया सेठ को 1 किलो 200 ग्राम चांदी से बना जेके सीमेंट प्लांट का मॉडल चढ़ाया। इस मॉडल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

परिवार और मित्रों के साथ 40 किलोमीटर की पदयात्रा

धर्मराज बंजारा शुक्रवार देर रात अपने परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के साथ निम्बाहेड़ा से पैदल रवाना हुए। करीब 40 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर वे शनिवार सुबह लगभग 11 बजे सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे। पदयात्रा के दौरान रास्तेभर डीजे पर भक्ति गीत बजते रहे और श्रद्धालु भगवान सांवलिया सेठ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मंदिर पहुंचकर उन्होंने दर्शन किए और अपनी मन्नत के अनुसार चांदी का सीमेंट प्लांट मॉडल भगवान के चरणों में अर्पित किया।

2017 से जेके सीमेंट कंपनी में कर रहे हैं काम

धर्मराज बंजारा निम्बाहेड़ा में वेदांश एंटरप्राइजेज नाम से फर्म चलाते हैं। उनकी फर्म वर्ष 2017 से जेके सीमेंट कंपनी में ठेकेदारी का काम कर रही है। उनके पिता भी जेके सीमेंट कंपनी में नौकरी कर चुके हैं, जिसके चलते उनका परिवार लंबे समय से सीमेंट उद्योग से जुड़ा हुआ है। धर्मराज का कहना है कि उन्होंने संकल्प लिया था कि कारोबार अच्छी तरह चलने और मनोकामना पूरी होने पर भगवान को ऐसी भेंट चढ़ाएंगे, जो उनके व्यवसाय से जुड़ी हो। इसी विचार के तहत उन्होंने जेके सीमेंट प्लांट की चांदी की प्रतिकृति बनवाने का फैसला किया। बचपन से सांवलिया सेठ के भक्त हैं धर्मराज धर्मराज बंजारा के अनुसार, वे बचपन से ही अपने माता-पिता के साथ सांवलिया सेठ के दर्शन करने आते रहे हैं। वे भगवान को अपना आराध्य मानते हैं और किसी नए काम की शुरुआत या बड़े व्यावसायिक फैसले से पहले मंदिर जाकर आशीर्वाद लेते हैं। उनका मानना है कि कारोबार में सफलता के पीछे मेहनत के साथ भगवान सांवलिया सेठ का आशीर्वाद भी है। उन्होंने बताया कि चांदी के मॉडल की कीमत से ज्यादा उनके लिए इस भेंट का धार्मिक महत्व और भगवान के प्रति विश्वास मायने रखता है। कारोबार से जुड़ी भेंट बनी आकर्षण का केंद्र आमतौर पर मंदिरों में श्रद्धालु सोना, चांदी, नकद राशि और आभूषण चढ़ाते हैं। लेकिन धर्मराज ने अपने व्यवसाय से जुड़ा सीमेंट प्लांट का मॉडल अर्पित कर अपनी आस्था व्यक्त की। चांदी से तैयार इस अनोखी प्रतिकृति को मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बताया गया है।