बसंत पंचमी से जगदीश मंदिर में शुरू होगा फाग महोत्सव, ठाकुरजी खेलेंगे फाग, चंग की थाप पर गूंजेंगे फाग गीत; प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से

January 22, 2026 | priyanshu chouhan | Classifieds

बसंत पंचमी का पर्व इस वर्ष 23 जनवरी, शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसी दिन शहर के प्रसिद्ध जगदीश मंदिर में फाग महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। अगले सवा महीने तक ठाकुरजी फाग खेलेंगे और मंदिर परिसर भक्ति व उल्लास के रंगों में रंगा रहेगा।

फाग महोत्सव के दौरान ठाकुरजी को गुलाल-अबीर अर्पित किया जाएगा और चंग की थाप पर फाग गीतों का गायन कर उन्हें रिझाया जाएगा। ठाकुरजी को बसंतिया वस्त्र धारण कराए जाएंगे और केसरिया भात का भोग लगाया जाएगा। मंदिर को पीले पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा।

बसंत पंचमी से लेकर होली के पांचवें दिन रंग पंचमी तक जगदीश मंदिर में फागोत्सव की धूम रहेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचेंगे।

फागोत्सव प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। इसकी शुरुआत ठाकुरजी की भोग आरती के पश्चात की जाएगी।