उदयपुर में तेज रफ्तार कार का कहर: नाश्ता कर रहे दो लोगों को कुचला, मौत; टक्कर से 20 फीट दूर जा गिरा ठेला

January 25, 2026 | priyanshu chouhan | Crime

शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार वर्ना कार पहले एक ठेले से टकराई और फिर पास खड़े होकर नाश्ता कर रहे दो लोगों को कुचलते हुए करीब 150 मीटर आगे जाकर पलट गई।

यह हादसा रविवार सुबह करीब 7 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि चाय-नाश्ते का ठेला करीब 20 फीट दूर जाकर गिरा।

हादसे में छीपा कॉलोनी निवासी अब्दुल मजीद (70) और मोहम्मद इमरान (35) की मौत हो गई। वहीं, मोहम्मद इमरान (35) ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों रोजाना की तरह चाय के ठेले पर चाय-नाश्ता कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार वर्ना कार ने पहले ठेले को टक्कर मारी और उसके बाद दोनों लोगों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर आगे जाकर पलट गई।

हादसे में दो और लोग घायल हुए हैं। जिन्हें एमबी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

घटना के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

पुलिस की समझाइश के बाद करीब 12 बजे लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने कार में बैठे 2 लोगों को डिटेन किया है।

पुलिस की समझाइश के बाद रास्ता खुलवाया गया। उसके बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग और परिजन एमबी हॉस्पिटल पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे।

इस पर शहर विधायक ताराचंद जैन ने मृतकों के परिजनों की सभी मांगों को मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त किया गया। फिलहाल मृतकों का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।