फरवरी में घूमने के लिए देश का टॉप हेरिटेज शहर बना उदयपुर, शांत व राजसी माहौल को मिली खास पहचान
देश के प्रतिष्ठित ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल आउटलुक ने फरवरी माह में घूमने के लिए भारत के बेस्ट शहरों की सूची जारी की है। खास बात यह है कि हेरिटेज कैटेगरी में राजस्थान से उदयपुर और जयपुर को जगह मिली है। रिपोर्ट के अनुसार, उदयपुर ने अपनी शांत, रोमांटिक और सांस्कृतिक पहचान के दम पर खास स्थान बनाया है। इस लिस्ट में पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों के हेरिटेज डेस्टिनेशन को शामिल किया गया है ।
पोर्टल के मुताबिक, फरवरी में उदयपुर अपनी झीलों की खूबसूरती, विंटेज और रॉयल होटल्स, झील किनारे स्थित भव्य सिटी पैलेस, शाम के समय होने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लेकसिटी का माहौल पर्यटकों को खूब आकर्षित करता है। यही कारण है कि यह महीना कपल्स और फैमिली टूरिस्ट्स के लिए सबसे पसंदीदा माना जा रहा है।
लेकसिटी में वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल 6 से
पर्यटकों के आकर्षण को और बढ़ाते हुए 6 फरवरी से उदयपुर में तीन दिवसीय वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन होगा। फेस्टिवल में देश के मुंबई, चेन्नई, अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के कलाकारों के साथ-साथ जापान, अर्जेंटीना आदि देशों के अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम गांधी ग्राउंड, फतेहसागर पाल और मोंटी कार्लो बोट स्टेशन जैसे स्थानों पर होंगे, जिन्हें देखने के लिए हर साल हजारों सैलानी उदयपुर पहुंचते हैं।
होली बना पर्यटन सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण
पर्यटन सीजन के दौरान होली उदयपुर का सबसे बड़ा पर्व बनकर उभरती है। इसे देखने और अनुभव करने के लिए देश-विदेश से हजारों पर्यटक यहां आते हैं। खासकर होली के दौरान सिटी पैलेस में होने वाले पारंपरिक आयोजन पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय रहते हैं।
देश के बेस्ट हेरिटेज शहर और उनकी पहचान
शहर — विशेषता
उदयपुर — झीलों में झलकता राजसी रोमांस
सूरजकुंड — फरवरी में अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का आकर्षण
वाराणसी — सुबह की गंगा आरती और घाटों की आध्यात्मिक शांति
जयपुर — गुलाबी शहर की शाही विरासत
आगरा — ताजमहल का बदलता रंग
