आधी रात दीवार तोड़कर मकान में घुसी तेज रफ्तार थार: धमाके से सहमे लोग घरों से बाहर निकले; नशे में था ड्राइवर, मौका देख भाग निकला
उदयपुर में आधी रात को तेज रफ्तार और बेकाबू थार जीप ने तांडव मचा दिया। जीप की रफ्तार इतनी तेज थी कि वो सीधे मकान की दीवार चीरते हुए अंदर तक जा घुसी, जिससे जोरदार धमाका हुआ। जिसके बाद गहरी नींद में सो रहे आसपास के लोग सहम गए और घरों से भागने लग गए। टक्कर से दीवार का बड़ा हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
गनीमत रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, परिवार के सदस्य दीवार से दूर दूसरे कमरे में थे, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। हालांकि, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रताप नगर थाना इलाके के ढीकली में गुरुवार देर रात 2 से 3 बजे के बीच की है। हादसा ढीकली निवासी जमनालाल कुमावत के घर के बाहर हुआ।
जिसकी सूचना के बाद सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और समय सड़क पर चल रहे काम के कारण लगे जाम को भी खुलवाया। हादसे की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आधी रात के वक्त एक गाड़ी ढीकली रोड पर तेज रफ्तार से फर्राटा भर रही थी। अचानक ड्राइवर ने संतुलन खोया और गाड़ी सीधे जमनालाल के घर की दीवार से जा टकराई। टक्कर लगते ही ईंटें और पत्थर ताश के पत्तों की तरह बिखर गए। दीवार का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि थार चालक बेहद तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह नशे की हालत में था। जैसे ही हादसा हुआ और लोग घर से बाहर निकले, ड्राइवर ने भीड़ का फायदा उठाया और अंधेरे में वहां से रफूचक्कर हो गया। उसने अपनी गाड़ी वहीं मलबे के बीच छोड़ दी।
हादसे की सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और लावारिस हालत में खड़ी जीप को जब्त कर लिया है। शुक्रवार सुबह जब मलबा हटाने का काम शुरू हुआ, तो लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ढीकली रोड पर पहले से ही सड़क निर्माण का काम चल रहा है, ऐसे में इस हादसे और मलबे की वजह से सुबह के वक्त ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। पुलिस अब गाड़ी के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।

