तेज रफ्तार कार घर में गेट तोड़कर में घुसी, गाडी में शराब की बोतलें मिली

February 1, 2026 | desk | Crime

उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि लोहे का गेट टूटकर दूर जा गिरा, जबकि कार मकान की दीवार से टकरा गई। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया।

तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर मकान में सो रहे परिजन सहम गए और तुरंत बाहर निकले। बाहर का नज़ारा देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। मामले की सूचना तुरंत सुखेर थाना पुलिस को दी गई।

घटना रात करीब 1:30 बजे शोभागपुरा स्थित माधव विहार क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार फॉक्सवेगन टाइगुन कार (RJ 27 CP 2826) तेज रफ्तार में सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक टर्न लेते हुए सीधे एक मकान में जा घुसी। टक्कर से मकान का गेट और गेट से लगी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार का बोनट भी पूरी तरह टूट गया।

पुलिस मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली, जिसमें से एक कार्टन शराब बरामद किया गया। मकान मालिक अंशुल कुमावत ने इस संबंध में सुखेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।