लेकसिटी मॉल के अंदर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की मिली धमकी, सूचना पर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीमे पहुंची मौके पर, पुलिस ने मॉल को करवाया खाली

March 10, 2026 | desk | News

उदयपुर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई।

धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। जानकारी के अनुसार आयड़ स्थित लेक सिटी मॉल में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए ई-मेल भेजा गया था।

जिसमें दोपहर 1 बजे गैस बम ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।

एहतियात के तौर पर मॉल में मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकलवाया गया और पूरे परिसर को खाली कराया गया।

इसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने मॉल और पासपोर्ट कार्यालय परिसर की सघन तलाशी ली।

मौके पर पुलिस के आलाधिकारी, भूपालपुरा थाना पुलिस का जाब्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहुंची। काफी देर तक पूरे क्षेत्र की जांच की गई। फिलहाल तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है। पुलिस अब धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है और साइबर टीम भी मामले की जांच कर रही है।

डीएसपी सूर्यवीर सिंह ने बताया कि जयपुर पासपोर्ट कार्यालय में मेल प्राप्त हुआ था जिसके जरिए सूचना मिली है सर्च अभियान जारी है।