कार गहरे गड्ढे में गिरी, बीजेपी नेता के दामाद की मौत, दोस्त हुआ घायल; खेलगांव रोड पर भीषण हादसा, 14 दिन में दूसरी मौत
उदयपुर में मंगलवार रात एक कार करीब 12 फीट नीचे गड्ढे में गिर गई। हादसे में कार ड्राइव कर रहे युवक की मौत हो गई।
वहीं उनका दोस्त घायल हो गया। मृतक युवक बीजेपी जिला शहर महामंत्री देवीलाल सालवी का दामाद है। जो यूनिवर्सिटी रोड स्थित सलून चलाते थे।
हादसा सुखेर थाना क्षेत्र में खेलगांव के पास हनुमानजी मंदिर टर्न पर हुआ। इस टर्न पर 14 दिन में ये दूसरी मौत है।

थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मृतक की पहचान हिमांशु सालवी पुत्र रामचन्द्र सालवी निवासी बोहरा गणेशजी के रूप में हुई है। घायल राहुल सिंह पुत्र लालसिंह निवासी जीबीएच हॉस्पिटल है। दोनों किसी काम से बाहर गए थे।
मंगलवार देर रात 11 बजे घर वापस लौटते हुए हनुमानजी मंदिर वाले टर्न पर अचानक कार का बैलेंस बिगड़ गया। कार करीब 12 फीट नीचे गड्ढे में गिर गई। हिमांशु सालवी की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि टर्न लेते वक्त युवक की कार की स्पीड तेज थी। बैलेंस बिगड़ते ही युवक की गदर्न कार के गेट से टकरा गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में रखवाया।
इस टर्न पर आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। 14 दिन पहले भी एक बुलेट सवार युवक की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई थी। वह गंभीर घायल हुआ था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इससे पहले भी बड़े हादसे हो चुके हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यूडीए को इस संबंध में शिकायत करते हुए टर्न प्वाइंट के दोनों ओर बाउंड्री बनाने और साइन बोर्ड लगाने की मांग की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। कॉलोनी और आस-पास के लोग तो इस खतरनाक टर्न से परिचित हैं लेकिन आउटर के लिए खासकर रात के समय घातक साबित हो रहा है।
