डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को दिया मेवाड़ आने का न्योताः संसद भवन में परिवार सहित करीब आधे घंटे तक हुई शिष्टाचार मुलाकात
उदयपुर। मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य और महाराणा प्रताप के वंशज डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मंगलवार को दिल्ली में देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। पीएम मोदी और डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के बीच संसद भवन में करीब आधे घंटे मुलाकात हुई।
इस दौरान मोदी ने मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास के पुरोधा बप्पा रावल से लेकर महाराणा सांगा, महाराणा प्रताप जैसे वीरों की राष्ट्र भक्ति और आदर्श को भारत की धरोहर और प्रेरणा पथ बताया।

पीएम मोदी ने उदयपुर आने का दिया आश्वासन
डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने पीएम मोदी को मेवाड़ (उदयपुर) आने का न्योता दिया। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें उदयपुर आने का आश्वासन दिया।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रगतिशील सशक्त भारत की दुनिया में स्थापित नई पहचान के लिए शुभकामनाएं दी।
इस दौरान डॉ. लक्ष्यराजसिंह के ससुर और उड़ीसा के डिप्टी सीएम कनकवर्धन सिंह देव, सास भाजपा सांसद संगीता कुमारी सिंह देव, डॉ. लक्ष्यराज सिंह की पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़ सहित तीनों बच्चे भी मौजूद थे।

