देशभर में करोड़ों मोबाइल पर एकसाथ अलर्ट मैसेज आयाः सायरन की आवाज सुनाई; आपके पास भी आया अलर्ट ?
शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे देशभर में अचानक कई मोबाइल फोन पर तेज सायरन बजने लगा और स्क्रीन पर “Extremely Severe Alert” का मैसेज दिखाई दिया। इस अचानक अलर्ट से लोग कुछ देर के लिए घबरा गए और इसे किसी बड़े खतरे से जोड़कर देखने लगे।
हालांकि, बाद में स्पष्ट हुआ कि यह कोई आपदा की चेतावनी नहीं, बल्कि एक टेस्ट मैसेज था।
यह अलर्ट राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा भेजा गया था, जो इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट सिस्टम की टेस्टिंग का हिस्सा था। इस टेस्ट का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में लोगों तक तेजी से सूचना पहुंचाने वाली तकनीक की जांच करना था।

यह मैसेज देश के कई राज्यों की राजधानियों और दिल्ली-NCR में एक साथ भेजा गया। खास बात यह रही कि यह अलर्ट हिंदी, अंग्रेजी और कई क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया गया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे समझ सकें।
इस सिस्टम को सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) द्वारा विकसित किया गया है, जिसे ‘SACHET’ नाम दिया गया है। यह तकनीक कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल यानी CAP पर आधारित है और देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लागू की जा चुकी है।
यह अलर्ट सिस्टम सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक पर काम करता है, जिससे किसी विशेष क्षेत्र के सभी मोबाइल फोन पर एक साथ मैसेज भेजा जा सकता है। इसका उपयोग भविष्य में चक्रवात, भारी बारिश या अन्य आपदाओं के दौरान रियल-टाइम चेतावनी देने के लिए किया जाएगा।
सरकार ने पहले ही लोगों से अपील की थी कि इस तरह के टेस्ट मैसेज से घबराएं नहीं। यह पूरी प्रक्रिया देश की आपदा प्रबंधन क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।

