‘सानु इक पल चैन ना आवे’… और अगले ही पल थम गई जिंदगी: हार्ट अटैक से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

April 29, 2026 | desk | News

राजस्थान के जालोर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक शादी समारोह की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं।

जिले के बागोड़ा उपखंड क्षेत्र के नई मोरसीम गांव में सोमवार रात बिंदौली कार्यक्रम के दौरान एक 20 वर्षीय विवाहिता की अचानक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, दीपिका (उर्फ दिपू), जो वाटेरा गांव की रहने वाली थी, अपने ननिहाल नई मोरसीम में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। उसकी शादी महज चार महीने पहले तातोड़ निवासी दिलीप कुमार से हुई थी। विवाह के बाद यह उसका पहला बड़ा पारिवारिक आयोजन बताया जा रहा है।

सोमवार रात बिंदौली कार्यक्रम के दौरान घर में खुशी का माहौल था। गीत-संगीत के बीच महिलाएं और परिजन नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान दीपिका भी परिजनों के साथ डांस कर रही थी, तभी अचानक उसे चक्कर आया और वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे नजदीकी राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे बागोड़ा अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दीपिका ने दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि जिस परिवार में बेटी ममता की शादी मंगलवार को होनी थी और बारात खिरोड़ी से आने वाली थी, उसी घर में कुछ ही देर में खुशियों की जगह चीख-पुकार मच गई।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों के अनुसार दीपिका पूरी तरह स्वस्थ थी और खुशी-खुशी कार्यक्रम में भाग ले रही थी। उसकी अचानक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।