निर्जला एकादशी पर जगदीश मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भक्तिमय माहौल में गूंजा भगवान का जयघोष
उदयपुर के ऐतिहासिक जगदीश मंदिर में निर्जला एकादशी के अवसर पर सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर को आकर्षक फूलों की सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप दिया गया है। भगवान जगदीश का आकर्षक श्रृंगार किया गया।
सुबह मंगला आरती के साथ ही भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और दर्शन का सिलसिला जारी है, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आ रहा है। श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना कर रहे हैं।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गर्मी में भक्तों को राहत देने को लेकर परिक्रमा स्थल पर टेंट लगाया गया है। वहीं, सेवादार लगातार लोगों को पानी और प्रसाद वितरित कर रहे हैं। दर्शन के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगी है। हाथों में पूजा थाली और ठाकुरजी के जयकारों के साथ श्रद्धालु कतार में खड़े होकर दर्शन का इंतजार करते नजर आए।

लोकेश पुजारी ने बताया कि हिंदुस्तान की सबसे बड़ी एकादशी के रूप में मनाई जाती है। भगवान कृष्ण ने इसे मुक्तदाय एकादशी भी कहा है। भगवान ने मुक्ति के लिए भीम को एकादशी बताई थी। भीम भूखा नहीं रह सकता था। भगवान ने स्वयं भीम के साथ भूखे रहकर एकादशी व्रत किया। इससे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
मंदिर में आज सुबह 4 बजे से मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हो गए थे, जो देर रात करीब 12 बजे तक खुले रहेंगे।
