उदयपुर में आज अरावली की पहाड़ियों के बीच साउथ स्टार्स विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी हुई: दोनों ने तेलुगु परंपरा से शादी की, शाम को कोडावा रीति-रिवाज से परंपराएं निभाई जाएंगी
उदयपुर में आज (गुरुवार) अरावली की पहाड़ियों के बीच साउथ स्टार्स विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी हुई। दोनों ने तेलुगु परंपरा से शादी की। अब शाम को कोडावा रीति-रिवाज निभाए जाएंगे। शादी के बाद विजय देवरकोंडा की तरफ के लोग होटल के बाहर मीडिया वहां मौजूद बच्चों और बाकी लोगों को मिठाई बांटकर गए।


इससे पहले रश्मिका मंदाना के माता-पिता ने आज अपनी परंपरा निभाते हुए दूल्हे के परिवार को नारियल, पान के पत्ते, फल, मिठाई और हल्दी-कुमकुम भेंट किए। इसके बाद दुल्हन को उनकी सास माधवी देवरकोंडा ने रश्मिका को खानदानी चूड़ियां भेंट की।
रश्मिका मंदाना कर्नाटक के कोडवा और विजय देवरकोंडा तेलुगू के हिंदू परिवार से आते हैं।
शादी की रस्मों के लिए होटल को गुलाब, आर्किड, ट्यूलिप आदि फूलों से सजावट की गई। कच्चे केले और उसके बड़े पत्तों से मंडप को सजाया गया है।
शादी में इवनिंग डीजे नाइट होगी। इसके लिए डीजे गणेश (गणेश रंगनाथन) आज उदयपुर पहुंच गए हैं। गणेश ने ईशा अंबानी, शाहरुख खान समेत कई हाई-प्रोफाइल परिवारों की पार्टी में गाने बजाए हैं।

दूल्हा-दुल्हन की हल्दी और मेहंदी की रस्म भी कल (बुधवार) हुई थी। हल्दी की फोटो भी दोनों ने अपने इंस्टा अकाउंट पर शेयर की थी।

शादी को दोनों स्टार्स की तरफ से काफी निजी रखा गया। दोनों के परिवार, रिश्तेदार और केवल खास दोस्तों को मिलाकर करीब 200 मेहमान ही शादी में शामिल हुए। मेहमानों के लिए खाने में साउथ इंडियन और पंजाबी खाने के साथ ही जापानी डिशेज बनाई गई।
संगीत सेरेमनी में छाया रोमांस
बीती रात कपल की संगीत सेरेमनी हुई, जिसकी झलक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रश्मिका ने अपनी फिल्म पुष्पा 2 के गाने ‘अंगारों’ पर डांस करके विजय को सरप्राइज दिया। वहीं विजय की मां ने अपनी होने वाली बहू पर जमकर प्यार लुटाया, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।
K-ड्रामा थीम और गैंगनम स्टाइल डांस बना आकर्षण
प्री-वेडिंग फंक्शन्स की शुरुआत K-ड्रामा थीम से हुई, क्योंकि रश्मिका को कोरियन पॉप कल्चर काफी पसंद है। इस खास मौके पर K-ड्रामा थीम वाला केक भी रखा गया था।
सबसे बड़ा सरप्राइज तब मिला जब विजय देवरकोंडा ने रश्मिका के लिए PSY के मशहूर गाने ‘गैंगनम स्टाइल’ पर डांस किया। इसके बाद मेहमानों के लिए अंताक्षरी का आयोजन हुआ, जिसमें सिर्फ विजय और रश्मिका की फिल्मों के गाने गाने का नियम था। मेहमानों को दो टीमों में बांटा गया और जीतने वाली टीम को लग्जरी गिफ्ट हैम्पर दिया गया।
4 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन
उदयपुर में शाही शादी के बाद अब 4 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी रखी गई है। इस रिसेप्शन में फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे शामिल होंगे। फैंस बेसब्री से कपल को दूल्हा-दुल्हन के रूप में देखने का इंतजार कर रहे हैं।
