राजपूत महासभा संस्थान का 27वां सामूहिक विवाह समारोह कल, 40 जोड़े लेंगे सात फेरे; प्रत्येक वर-वधू पक्ष से मात्र एक-एक रुपए शगुन के रूप में लिए गए

राजपूत महासभा संस्थान उदयपुर संभाग द्वारा आयोजित 27वां सामूहिक विवाह समारोह 10 फरवरी को सूरजपोल स्थित फतह स्कूल ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
यह समारोह ऐतिहासिक होने जा रहा है, जिसमें 40 जोड़े सात फेरे लेंगे और पूरे कार्यक्रम को महासभा की ओर से निशुल्क आयोजित किया जाएगा। अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि अब तक 40 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है और समारोह में वर-वधु से शगुन के रूप में केवल एक रुपया लिया गया है। भाटी ने कहा कि इस विवाह समारोह में 40 मंडप बनेंगे और 40 पंडित विधि-विधान से विवाह संपन्न कराएंगे।
10 फरवरी की सुबह 9 बजे टाउन हॉल से एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वर और वधु के लिए 40 घोड़े और 10 बागियों की व्यवस्था की गई है। बैंड-बाजों के साथ यह शोभायात्रा टाउन हॉल से सूरजपोल, फतह मेमोरियल मार्ग होते हुए फतह स्कूल ग्राउंड पहुंचेगी। वहीं, 9 फरवरी को विवाह समारोह से एक दिन पहले वर और वधु के लिए महिला संगीत और हल्दी-मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन होटल देव दर्शन में किया जाएगा।
महासभा के महासचिव प्रदीप सिंह भाटी ने समारोह में आने वाले प्रमुख अतिथियों की जानकारी देते हुए बताया कि उद्योगपति और समाजसेवी मेघराज सिंह रॉयल, समाजसेवी ठाकुर साहब रतन सिंह झाला, समाजसेवी राम प्रताप सिंह डिगी, पूर्व मंत्री और समाजसेवी प्रताप सिंह खाचरियावास, समाजसेवी कर्नल प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत, युवा उद्यमी हिम्मत सिंह झाला, पूर्व विधायक महाराज रणधीर सिंह भींडर सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। समारोह में विभूति सम्मान, समाज गौरव सम्मान, भामाशाह सम्मान और क्षत्रिय और क्षत्राणी सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
