शौर्य और भक्ति का अनूठा संगम शिशुभारती गुरुकुलम् में कल होगा भव्य ‘शस्त्र गरबा’ का आयोजन..
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान शिशुभारती गुरुकुलम् में इस वर्ष एक भव्य और अनूठे कार्यक्रम ‘शस्त्र गरबा’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में भक्ति और शौर्य का अद्वितीय संगम देखने को मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना और ‘शस्त्र एवं शास्त्र’ के महत्व को समझाना है। आयोजन का शुभारंभ भगवान श्री राम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं प्रतीकात्मक शस्त्र पूजन के साथ विधि-विधान से किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में प्रस्तुति विशेष रहेगी। छात्र साफा (पगड़ी) और पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर शस्त्रों के साथ गरबा की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही वीर रस से ओत-प्रोत भजनों और श्री राम की स्तुति पर आधारित गीतों पर शस्त्र संचालन का आकर्षक तालमेल भी देखने को मिलेगा।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी जड़ों, परंपराओं और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है।

विद्यालय के निदेशक श्री जितेश श्रीमाली ने बताया कि रामनवमी का यह उत्सव भावी पीढ़ी में अनुशासन, साहस और मर्यादा जैसे गुणों के विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और विद्यार्थियों में इसे लेकर विशेष उत्साह है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य जयव्रत श्रीमाली, समन्वयक श्रीमती संध्या ठाकुर सहित समस्त शैक्षणिक स्टाफ आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटा हुआ है।
