उदयपुर में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की टक्कर में 4 दोस्तों की मौत, परखच्चे उड़े, गेट तोड़कर निकाले गए शव

उदयपुर। शहर में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवीना इलाके में नेला तालाब के पास पुराने अहमदाबाद बाइपास पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक कार सवार 4 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और युवक गाड़ियों में बुरी तरह फंस गए।
हादसा शनिवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ियों के गेट तोड़कर शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

मृतक और घायल की पहचान
सवीना थानाधिकारी अजयराज सिंह ने बताया कि एक कार उदयपुर नंबर की थी, जबकि दूसरी कार गुजरात नंबर की थी। उदयपुर नंबर की कार में सवार:
- मोहम्मद अयान (17) निवासी मुर्शीद नगर, सवीना
- आदिल कुरैशी (14) निवासी बरकत कॉलोनी, सवीना
- शेर मोहम्मद (19) निवासी मल्लातलाई
- गुलाम ख्वाजा (17) निवासी सवीना
इन चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
इसी कार में सवार उनके दो साथी:
- वसीम (20) पुत्र यूसुफ
- मोहम्मद कैफ (19)
गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, बाद में वसीम को परिजन अहमदाबाद ले गए।
बर्थडे के अगले दिन गया था दोस्त के साथ
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक मोहम्मद अयान का 16 जनवरी को जन्मदिन था। वह अपने 5 दोस्तों के साथ सवीना इलाके में नेला तालाब के पास आयोजित ‘महफिल-ए-मिलाद’ कार्यक्रम में गया था। कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर सभी दोस्त चाय पीने के लिए कार से निकले थे। जैसे ही वे रोड से निकलकर बाइपास पर पहुंचे, सामने से आ रही गुजरात नंबर की कार से उनकी टक्कर हो गई।
दूसरी कार में सवार 4 लोग घायल
हादसे में गुजरात नंबर की कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह कार राजगढ़ (चूरू) से वापी (गुजरात) की ओर जा रही थी। कार में सवार:
- महिपाल जाट (48) पुत्र बदीराम जाट
- राजबाला (45) पत्नी महिपाल जाट
- राजेश (26) पुत्र महिपाल जाट
- कर्मवीर सिंह (24) पुत्र राजवीर जाट
सभी घायल हो गए। घायलों को उदयपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
क्रेन से हटवाई गईं दोनों कारें
पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को हटाकर सवीना थाने के बाहर रखवाया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
