थानाधिकारी ने कैफ़े में घुसकर युवकों को पीटा, लात-घूंसे बरसाए और फिर जड़े थप्पड़, वीडियो वायरल !

January 17, 2026 | priyanshu chouhan | Crime


उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र से पुलिस की सख्ती का एक विवादित मामला सामने आया है। यहां एक कैफे में मौजूद युवकों के साथ कथित रूप से मारपीट करने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना 28 जुलाई 2025 की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अंबामाता थानाधिकारी मुकेश सोनी अपनी टीम के साथ उदयपुर सिटी के सुभाष चौराहा क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें एक कैफे का शटर बंद मिला, लेकिन अंदर से आवाजें आ रही थीं। शक होने पर पुलिस ने शटर खोलने के लिए आवाज दी और लात भी मारी।

कुछ देर बाद अंदर मौजूद युवकों ने शटर उठा दिया। शटर खुलते ही थानाधिकारी और पुलिसकर्मियों ने अंदर घुसकर युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे, लेकिन पुलिसकर्मी उन्हें थप्पड़ और घूंसे मारते रहे और गालियां भी दी गईं।

वीडियो में दिख रहे युवकों में सैटेलाइट अस्पताल का एक स्टाफ और कैफे का स्टाफ भी शामिल बताया जा रहा है। एक युवक वीडियो में यह कहते हुए भी नजर आ रहा है कि उनके पास जो थैली है, उसमें रोटी है और वे सब्जी लेने आए थे।

पुलिस ने सभी युवकों को हिरासत में ले लिया था, जिन्हें अगले दिन जमानत पर रिहा किया गया।

थानाधिकारी ने दी सफाई

इस पूरे मामले पर अंबामाता थानाधिकारी मुकेश सोनी ने बताया कि जिस कैफे पर कार्रवाई की गई, वह इलाका काफी संवेदनशील है और इस कैफे को लेकर पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी थीं। स्थानीय व्यापारियों का कहना था कि पुलिस उनकी दुकानें रात 11 बजे बंद करवा देती है, जबकि यह कैफे देर रात तक खुला रहता है।

उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस टीम ने शटर खुलवाने के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन अंदर से नहीं खोला गया। बाद में पुलिस पीछे के गेट से अंदर जाकर शटर खुलवाने में सफल हुई।

फिलहाल, इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।