बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत, तीन युवकों की मौत: सदमे में एक मृतक की पत्नी ने किया सुसाइड, एक साल पहले हुई थी शादी
उदयपुर में दो बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उदयपुर के कुराबड़ थाना क्षेत्र के कालीवली में गुरुवार देर रात हुआ।
हादसे में एक बाइक पर चेतन पिता मोहनलाल मीणा (22) था। वहीं दूसरी बाइक पर हुक्मीचंद (22) पिता शंकरलाल और हेमराज (17) पिता चेना थे। तीनों कालीवली गांव के रहने वाले थे।
हादसे की सूचना पर चेतन मीणा की पत्नी को सदमा लगा। उसने शुक्रवार दोपहर को फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। इनकी एक साल पहले ही शादी हुई थी। क्षेत्र में चार मौत के बाद मातम पसर गया।
कालीवली बस स्टैंड के पास गुरुवार रात करीब 8 बजे दोनों बाइक में आमने-सामने की टक्कर हुई। एक बाइक पर चेतन पिता मोहनलाल मीणा (22) सवार था। वहीं दूसरी बाइक पर हुक्मीचंद (22) पिता शंकरलाल व हेमराज (17) पिता चेना सवार थे। तीनों बुरी तरह घायल हो गए थे और इनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
राहगीरों की मदद से तीनों को कुराबड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों मृतक कालीवली गांव के ही थे। इनकी मौत की सूचना जब परिवार को लगी तो माहौल गमगीन हो गया। मृतक चेतन की पत्नी प्रेमीबाई अपने पति की मौत का सदमा नहीं सह पाई और उसने शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
रामज ग्राम पंचायत उपसरपंच वगतराम मीणा ने बताया- रोड पर कोई स्पीड ब्रेकर नहीं है। इसी कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले दो-ढाई साल में 6 से 7 बड़े हादसे हो चुके हैं। इसे लेकर हमने प्रशासन से कई बार मांग की, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
मीणा ने बताया- मृतक चेतन की पत्नी ने सदमे में आकर सुसाइड कर लिया। सालभर पहले उसकी शादी हुई थी। मृतक चेतन परचून की दुकान करता था। वहीं हेमराज 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था और हुक्मीचंद मजदूरी करता था।
