उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल 2026 का आगाज: पहले ही दिन गांधी ग्राउंड खचाखच, कैलाश के स्वरों में उतरे शिव; झूमे शहरवासी
उदयपुर वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल 2026 में शुक्रवार शाम उदयपुरवासियों के साथ साथ देश- विदेश से आए संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गई। तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन गांधी ग्राउंड में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने एक साथ मंच साझा कर फेस्टिवल के 10 वर्षों के सफर का आगाज किया। हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से और सहर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पहले दिन गायक कैलाश खेर की प्रस्तुतियों ने समा बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राजस्थानी फोक ऑर्केस्ट्रा से हुई। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय रंग मंच पर छा गए।
नॉर्वे के 9 ग्रेडर नॉर्ड ने नॉर्वेजियन और तमिल फोक रॉक के अनूठे मिश्रण से दर्शकों को बांधे रखा। इसके बाद अल्जीरिया के सोफियान सैदी ने अपनी भावपूर्ण और ऊर्जावान प्रस्तुति से उद्घाटन रात को और भी यादगार बना दिया। शाम की सबसे प्रतीक्षित प्रस्तुति गायक कलाकार कैलाश खेर और कैलासा लाइव की रही। जैसे ही कैलाश खेर मंच पर आए, दर्शकों ने तालियों और झूमते हुए उनका स्वागत किया। आत्मा को छू लेने वाली गायकी के साथ जैसे ही यूं ही चला चल राही, कितनी हसीन है ये दुनिया….. के सुर गूंजे तो पूरा गांधी ग्राउंड तालियों से गूंज उठा। इसके बाद तेरी दीवानी, वही भावुकता और अल्लाह के बंदेज, की गहराई ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘कैसे बताएं क्यों तुझको चाहें’, ‘यारा बता न पाएं’, ‘मुझे इश्क हो गया’, ‘मैं तो तेरे प्यार में दीवाना हो गया’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर संगीत प्रेमियों ने पूरे जोश के साथ उनका साथ दिया। वहीं ‘रोग न पके न फूटे, ये तो भीतर-भीतर टूटे’ और ‘ओ पिया’ जैसे गीतों ने माहौल को और भी भावनात्मक बना दिया। महादेव को समर्पित नमो नमो शंकरा के ऊर्जावान और भक्तिमय स्वरों ने पूरे। माहौल को शिवमय कर दिया।


इस दौरान अतिथि मेवाड़ पूर्व राजपरिवार सदस्य निवृत्ति कुमारी मेवाड़, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर नमित मेहता, निवृति कुमारी मेवाड आदि मौजूद थे। सहर के फाउंडर संजीव भार्गव ने कहा कि दुनिया भर के कलाकारों को एक मंच पर लाना ही इस फेस्टिवल की मूल भावना है।

7 और 8 को इनकी होगी परफोर्मेंस
दूसरे दिन शनिवार को टर्किश पॉप, केमरून का अफ्रोपॉप रॉक और सिंगर जोनीता परफोर्म करेंगी। 8 फरवरी को स्पेनिश जज एंड पॉप और बॉलीवुड सिंगर अमित त्रिवेदी परफोर्म करेंगे। इससे पहले दोपहर 3:30 बजे से फतहसागर पाल पर पोलेंड का पोलिश फोक, टर्की का ट्रेडिशनल कुर्दिश म्यूजिक और इंडियन रॉक की परफोर्मेंस होंगी।


