वैलेंटाइन वीक: आज रोज डे से प्यार के इजहार की शुरुआत, दुकानों पर ‘प्यार के पंछियों’ की भीड़, गुलाब-चॉकलेट कॉम्बो की बढ़ी डिमांड, हार्ट शेप बुके युवाओं की पहली पसंद

February 7, 2026 | priyanshu chouhan | News

जैसे ही फरवरी का महीना शुरू होता है, प्यार का मौसम भी दस्तक देने लगता है। 7 फरवरी को रोज़ डे के साथ वैलेंटाइन वीक की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है। इस मौके पर उदयपुर शहर के बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हाथों में गुलाब लिए युवा, कपल्स ही नहीं बल्कि शादीशुदा लोग भी अपने खास लोगों के लिए फूल और गिफ्ट्स चुनते नजर आ रहे हैं।

हल्की ठंड के बीच फूलों की दुकानों के बाहर लोगों की कतारें लगी हुई हैं। कोई लाल गुलाब के जरिए प्यार का इजहार कर रहा है, तो कोई अपने रिश्ते की मिठास के अनुसार पिंक या व्हाइट रोज़ को तरजीह दे रहा है।

रोज़ डे को लेकर शहर के प्रमुख बाजार—हाथीपोल, बापू बाजार, सूरजपोल और फतहसागर रोड क्षेत्र—में रौनक बढ़ गई है। फूलों और गिफ्ट की दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाब, आकर्षक गुलदस्ते और खास पैकेजिंग सजाई गई है। लाल, गुलाबी, पीले और सफेद गुलाबों की मांग सबसे अधिक देखी जा रही है।

इस बार एक खास ट्रेंड देखने को मिल रहा है। युवाओं में बड़े गुलदस्तों की बजाय सिंगल गुलाब और मिनिमल बुके का चलन बढ़ा है, जिसे सोशल मीडिया से प्रेरित माना जा रहा है। लोग सादगी के साथ अपने जज़्बात जाहिर करना पसंद कर रहे हैं।

फूल विक्रेताओं के अनुसार, सिंगल गुलाब की कीमत 80 से 90 रुपये तक है, जबकि मल्टी-कलर गुलदस्तों की कीमत 600 रुपये से लेकर 3,000 रुपये तक पहुंच रही है। इसके अलावा हार्ट शेप और थीम-बेस्ड बुके भी ग्राहकों की खास पसंद बने हुए हैं। गुलाब के साथ चॉकलेट और कस्टमाइज्ड कार्ड वाले कॉम्बो पैक भी जमकर बिक रहे हैं।

फूल कारोबारियों का कहना है कि रोज़ डे के साथ ही पूरे वैलेंटाइन वीक के लिए खरीदारी का सिलसिला शुरू हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने नए ट्रेंड के अनुसार खास डिजाइन और आकर्षक पैकेजिंग वाले गुलदस्ते तैयार किए हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि वैलेंटाइन वीक के दौरान बाजार में उत्साह और बिक्री दोनों में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।