उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मेल के जरिए दी गई धमकी, कोर्ट परिसर को करवाया गया खाली, पुलिस की टीमें पहुंची मौके पर!

March 30, 2026 | desk | News

उदयपुर कोर्ट परिसर में सोमवार दोपहर को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भरे वर्किंग टाइम में अचानक कोर्ट खाली करवाने के आदेश दिए गए। सोमवार होने की वजह से कोर्ट में काफी भीड़ थी, वकील अपनी फाइलों के साथ तैयार थे और लोग अपनी पेशी का इंतजार कर रहे थे।

तभी अचानक पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने एक-एक कर वकीलों और वहां आए सभी लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। करीब 1 बजे मेल पर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद तुरंत कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया। बम स्कॉयड की टीम भी मौके पर रही। हालांकि टीमों को कही भी कुछ भी संदेहास्पद नहीं मिला।

पहले तो अचानक कोर्ट को खाली करवाने के दौरान किसी को कुछ समझ नहीं आया कि आखिर माजरा क्या है। कुछ ही मिनटों में कोर्ट रूम से लेकर बरामदे तक सन्नाटा पसर गया और लोग बाहर सड़कों पर जमा हो गए। जैसे ही लोग बाहर निकले, वहां पुलिस के बड़े अधिकारी पहुंचे।पुलिस का भारी जाब्ता और कमांडो स्टाइल में हो रही हलचल को देख वहां मौजूद लोगों के बीच हड़कंप गया।

पुलिस के आला अधिकारियों ने तुरंत कोर्ट के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। कोर्ट के कमरों से लेकर कैंटीन और पार्किंग एरिया तक, हर कोने को बारीकी से खंगाला गया। एटीएस की टीम ने भी संदेहास्पद जगहों पर अपनी जांच की।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया और सर्चिंग चल रही है।