उदयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई : प्रतापनगर थाने के ASI सुनील बिश्नोई को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार; रेप की कोशिश के केस में मांगी थी घूस

May 17, 2026 | desk | Crime

उदयपुर एसीबी की टीम ने रविवार शाम 4:30 बजे प्रतापनगर थाने के ASI को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। ASI सुनील बिश्नोई ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगी थी।

इसके लिए ASI शिकायतकर्ता को धमका रहा था। रिश्वत नहीं देने पर फंसाने की बात कर रहा था। शिकायतकर्ता ने एसीबी को इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद एसीबी ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

शिकायतकर्ता ने शोभागपुरा स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में ASI को एक लाख रुपए देने के लिए बुलाया। तभी जाल बिछाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया।

एसीबी के एडिशनल एसपी अनंत ​कुमार ने बताया- मामले में जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। दरअसल, एक महिला ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद मामले को परिवाद में रखते हुए मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोपी से मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।

सुनील बिश्नोई पहले सुखेर थाने में तैनात थे, तब सितंबर 2025 में आरडीएक्स क्लब एंड बार में 6 ग्राहकों के साथ बाउंसर्स के मारपीट करने के मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगे थे। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने इन्हें हटाकर डीएसपी ऑफिस वेस्ट में अटैच ​कर दिया था।

साथ ही सुनील बिश्नोई के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की थी। अक्टूबर 2025 में वापस एक अन्य मामले में लापरवाही सामने आने पर सुनील बिश्नोई को लाइन हाजिर किया गया था।