उदयपुर में चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी…कोच के शीशे टूटे, दो महिलाओं समेत तीन यात्री घायल

January 16, 2026 | desk | Crime

उदयपुर में चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस पथराव में जनरल कोच में सफर कर रहे दो महिला यात्रियों समेत तीन लोग घायल हो गए। हमले में ट्रेन के कोच के शीशे भी टूट गए। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंचा और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाया।

यह घटना 13 जनवरी की शाम असावरा (अहमदाबाद) से इंदौर के बीच चलने वाली 19316 वीरभूमि एक्सप्रेस में हुई। उदयपुर जिले में जयसमंद और जावर माइंस रेलवे स्टेशन के बीच सरसिया फाटक के पास कुछ असामाजिक तत्वों ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंके।

ट्रेन के एक कोच में अंदर आया पत्थर और सीट पर बिखरे खिड़की के कांच

गुरुवार को इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई यात्री खुद को घायल बताते हुए ट्रेन के अंदर पड़े पत्थरों को दिखाते नजर आ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन 13 जनवरी को शाम 6:33 बजे जयसमंद रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। जावर माइंस स्टेशन पहुंचने से पहले ही सरसिया फाटक के पास अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई। रेलवे ट्रैक के आसपास खड़े कुछ युवकों ने चलती ट्रेन पर पथराव किया।

आरपीएफ उदयपुर के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में रेल अधिनियम की धारा 153 और 147 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह और एएसआई बिशनलाल ने मुखबिर की सूचना पर दो नाबालिगों को डिटेन किया है। दोनों की उम्र 14-14 साल बताई जा रही है। उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेजने के आदेश दिए गए हैं।