उदयपुर घूमने आई ऑस्ट्रेलिया की युवती से छेड़छाड़, बदसलूकी के बाद डरकर लौटी होटल, आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर में भारत घूमने आई ऑस्ट्रेलिया की एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती एक ऑटो में सवार होकर शहर के एक बार में गई थी, जहां ऑटो चालक ने उसके साथ बदसलूकी की। पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अंबामाता थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, खांजीपीर निवासी 38 वर्षीय तौसिफ अली को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शराब के नशे में यह हरकत की।
जानकारी के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई युवती जनवरी के पहले सप्ताह में टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। वह देश के विभिन्न हिस्सों में करीब एक सप्ताह घूमने के बाद 15 जनवरी को उदयपुर पहुंची थी। शहर भ्रमण के लिए उसने एक ऑटो किराए पर लिया था। शाम को वह सुखाड़िया सर्कल क्षेत्र स्थित एक बार में पहुंची, जहां नशे की हालत में ऑटो चालक ने उसके साथ बदसलूकी की।
इस अचानक हुई घटना से विदेशी युवती बुरी तरह डर गई और सीधे अपने होटल लौट गई। अगले दिन, 16 जनवरी को युवती ने हिम्मत जुटाकर अंबामाता थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
विदेशी पर्यटक से जुड़ा मामला होने के चलते पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल एक टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने शनिवार को आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए गए हैं।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
