“ये तो पहली बार देखा!” उदयपुर में कार नहीं, JCB में घर आई दुल्हनिया; विदाई का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल, दूल्हा बोला- “सपना था, आज पूरा हो गया…”

May 10, 2026 | priyanshu chouhan | News

उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में इन दिनों एक अनोखी शादी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक दूल्हा अपनी दुल्हन को लग्जरी कार या घोड़ी में नहीं, बल्कि जेसीबी मशीन के बकेट में बैठाकर घर लेकर पहुंचा। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए गांव की सड़कों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई इस पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता नजर आया।

जानकारी के अनुसार, झाड़ोल क्षेत्र के मोहम्मद फलासिया निवासी रूपलाल डूंगरी की शादी 6 मई को कोल्यारी क्षेत्र के ढाला गांव में संपन्न हुई। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब विदाई का समय आया तो वहां मौजूद लोग उस वक्त हैरान रह गए, जब दूल्हा जेसीबी मशीन लेकर पहुंच गया। इसके बाद दुल्हन को जेसीबी के बकेट में बैठाकर पूरे गांव के बीच से निकाला गया।

बताया जा रहा है कि रूपलाल पेशे से जेसीबी चालक है और उसे अपनी मशीन से खास लगाव है। उसने काफी समय पहले ही तय कर लिया था कि शादी के बाद वह अपनी दुल्हन को जेसीबी में बैठाकर ही घर लेकर जाएगा। आखिरकार उसने अपने इस सपने को शादी के खास मौके पर पूरा कर दिखाया।

दूल्हे रूपलाल ने बताया कि जेसीबी उसके जीवन का अहम हिस्सा है और वह रोजाना इसी मशीन के साथ काम करता है। उसका सपना था कि वह अपनी शादी को कुछ अलग और यादगार बनाए। इसी सोच के साथ उसने दुल्हन की विदाई जेसीबी से कराने का फैसला लिया।

जब जेसीबी में सवार दूल्हा-दुल्हन गांव की गलियों से गुजर रहे थे, तब रास्तेभर लोग उन्हें देखने के लिए घरों से बाहर निकल आए। कई ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी दूल्हे को इस तरह जेसीबी में दुल्हन को विदा कराते देखा है। शादी का यह अनोखा अंदाज अब आसपास के क्षेत्रों में भी खूब चर्चा बटोर रहा है।