Mother’s Day: छोटे-छोटे सरप्राइज से मां के चेहरे पर लाएं बड़ी मुस्कान, जिम्मेदारियों से राहत देकर बनाएं दिन खास
यूं तो मां का ऋण कोई भी संतान कभी पूरी तरह नहीं चुका सकती, लेकिन मदर्स डे (Mother’s Day 2026) एक ऐसा खास अवसर जरूर होता है, जब हम उन्हें यह एहसास दिला सकते हैं कि वे हमारे जीवन में कितनी अहम हैं। इस दिन को खास बनाने के लिए महंगे तोहफों की नहीं, बल्कि प्यार, अपनापन और परिवार के साथ बिताए गए खूबसूरत पलों की जरूरत होती है।

मदर्स डे को यादगार बनाने में पिता और बच्चों की छोटी-छोटी कोशिशें बड़ी खुशी दे सकती हैं। बच्चे अपने पापा के साथ मिलकर मां के लिए ऐसा माहौल तैयार कर सकते हैं, जहां उन्हें कुछ समय सिर्फ अपने लिए मिले। वे आराम से बैठकर किताब पढ़ सकें, संगीत सुन सकें या बिना किसी जिम्मेदारी के सुकून के पल बिता सकें।

इसके अलावा बच्चे अपने हाथों से एक प्यारा-सा कार्ड बनाकर मां को सरप्राइज दे सकते हैं। उस कार्ड में पिता और बच्चों की तरफ से लिखा गया छोटा-सा भावुक संदेश मां के चेहरे पर मुस्कान ले आता है और उन्हें बेहद खास महसूस कराता है।

मदर्स डे की शुरुआत सरप्राइज ब्रेकफास्ट से करना भी एक शानदार तरीका हो सकता है। पिता बच्चों के साथ मिलकर मां की पसंद का साधारण लेकिन प्यार से भरा नाश्ता तैयार कर सकते हैं। बच्चे ट्रे सजाने, फूल लगाने या छोटी-छोटी तैयारियों में मदद कर सकते हैं। यहां परफेक्शन नहीं, बल्कि परिवार का साथ और प्यार मायने रखता है।

सिर्फ इतना ही नहीं, मां को इस दिन सबसे बड़ा तोहफा उनकी जिम्मेदारियों से थोड़ी राहत देना भी हो सकता है। पिता और बच्चे मिलकर घर के काम जैसे सफाई, खाना बनाना, कपड़े व्यवस्थित करना या अन्य जरूरी काम बांट सकते हैं। इससे बच्चों में जिम्मेदारी और सहयोग की भावना विकसित होती है, वहीं मां को मानसिक और शारीरिक आराम मिलता है।
दिन के अंत को भी खास बनाया जा सकता है। परिवार मिलकर मां की पसंद का डिनर तैयार कर सकता है, घर के किसी कोने को गुब्बारों और हाथ से बने बैनर से सजा सकता है या फिर एक छोटी-सी फैमिली मूवी नाइट रख सकता है। बच्चे मां के लिए कविता, गाना या छोटा-सा डांस परफॉर्म कर उन्हें भावुक और खुश कर सकते हैं।
दरअसल, मां को खास महसूस कराने के लिए बड़े खर्चों की जरूरत नहीं होती। जरूरी होता है परिवार का प्यार, सम्मान और साथ बिताया गया समय। जब पिता और बच्चे मिलकर मां के चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश करते हैं, तो न सिर्फ यह दिन यादगार बनता है, बल्कि परिवार के रिश्ते भी और मजबूत हो जाते हैं।

