आस्था का सावन-फलाहारी बाजार में हरियाली : तीन गुना बढ़ी मांग, ऑनलाइन डिलीवरी से लेकर पूजा कॉम्बो भी खूब बिक रहे
पवित्र सावन मास अंतिम चरण में है। इसका आधे से ज्यादा हिस्सा बीतने के साथ ही लेकसिटी के धर्म-कर्म और फलाहारी बाजार में जबरदस्त रौनक है। अब 24 अगस्त को सावन का अंतिम और चौथा सोमवार है। इससे पहले 17 अगस्त से मनसा वाचा के चार माही (16 सोमवार) व्रत शुरू हो चुके हैं और 28 अगस्त को भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन मनाया जाएगा।
व्रत-त्योहारों और अनुष्ठानों के इस संयोग से शहर के बाजारों में उपवास में काम आने वाली फलाहारी सामग्री और पूजन सामान की मांग सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना तक बढ़ गई है। बाजार में साबूदाना, मूंगफली दाना, सिंघाड़ा, राजगिरा, मोरधान, कुड्डू का आटा, मखाना, फल और सूखे मेवों की भारी खरीदारी हो रही है। कारोबारियों के अनुसार लगातार आ रहे व्रत-त्यौहारों से बाजार में उछाल है, जिससे कुछ वस्तुओं के दामों में 5 से 10 प्रतिशत तक की तेजी आई है।

बाजार में प्रमुख फलाहारी सामग्री के औसत भाव
- साबूदाना
- 60 से 70 रुपए प्रति किलो (आवक
- तमिलनाडु)
- मूंगफली दाना
- 130 से 140 रु. प्रति किलो (आवकः इंदौर, शिवपुरी, गुजरात)
- नारियल (पानी/पूजा)
- रेडीमेड पूजा कॉम्बो
- घी-कपूर-धूप-मावा
- 30 से 35 रुपए प्रति नग
- 80 रुपए (खुला सामान लेने पर 150 रुपए)
- दामों में औसतन 5% से 10% की बढ़त।
तमिलनाडु से साबूदाना, एमपी-गुजरात से आ रही मूंगफली
कृषि मंडी के व्यापारी हार्दिक कस्तुरी ने बताया कि सावन से सनातन धर्म में व्रतों का सिलसिला शुरू होता है, जो दीपावली तक लगातार चलता है।
इस बार पूजन के लिए रेडीमेड पैकिंग कॉम्बो की डिमांड सबसे ज्यादा है। इसकी कीमत 80 रुपए तक है, जबकि वही सामान अलग-अलग खरीदने पर 150 रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं। फिलहाल बाजार में साबूदाना 60-70 रुपए और मूंगफली दाना 130-140 रुपए प्रति किलो बिकरहा है।
साबूदाने की आवक तमिलनाडु से और मूंगफली इंदौर, शिवपुरी (एमपी) व गुजरात से हो रही है।
मावे व पूजा सामग्री में तेजी: किराना व्यापारी रवि जैन ने बताया कि साबूदाना पापड़, मखाना, सेंधा नमक, सूखे मेवे, नारियल, किशमिश, चिरौंजी और इलायची की मांग में भारी उछाल आया है। नारियल 30-35 रुपए प्रति नग बिक रहा है। इसके अलावा देशी घी, कपूर, धूप और मावे के दाम करीब 5 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं।
ऑनलाइन ऑर्डर और रेडीमेड फलाहारी मिक्स का ट्रेंड
कारोबारी राकेश अग्रवाल के अनुसार, पारंपरिक खरीदारी के साथ-साथ शहर की दूर-दराज की कॉलोनियों में फलाहारी सामग्री की ऑनलाइन खरीदारी का नया ट्रेंड देखा जा रहा है। श्रद्धालु मोबाइल एप्स के जरिए साबूदाना, सिंघाड़े का आटा, मखाना और ड्राई फ्रूट्स के साथ व्रत कॉम्बो मंगवा रहे हैं। इसके अलावा समय की बचत के लिए रेडी-टू-ईट साबूदाना पापड़, आलू चिप्स, फलाहारी नमकीन और इंस्टेंट मिक्स की बिक्री भी कई गुना बढ़ गई है।
