कल्लाजी बावजी का जन्मोत्सव 19-20 अगस्त को, 21 किलो चांदी से सजेगा महाकाल का स्वरूप

August 17, 2026 | desk | Cultural

उदयपुर। जय श्री काली कालीकल्याण शक्तिपीठ में कल्लाजी बावजी का जन्मोत्सव 19 और 20 अगस्त को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में धार्मिक, सांस्कृतिक और सनातन परंपरा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जन्मोत्सव के प्रथम दिन 19 अगस्त को भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें गुजरात की प्रसिद्ध गायिका कलाकार अपराजिता सिंह के साथ मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक लहरू दास, मधुबाला राव एवं पुरण गुर्जर अपनी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।

भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के महाकाल बाबा के हुबहू प्रतिरूप के दर्शन भी होंगे। यह प्रतिरूप 21 किलो चांदी से निर्मित है, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

आयोजन के दौरान सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार को लेकर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सनातनी शेरनी हर्ष ठाकुर अपनी ओजस्वी वाणी से सनातन धर्म का उद्घोष करेंगी। वहीं बच्चों के लिए महापुरुषों की वेशभूषा पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

20 अगस्त को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

जन्मोत्सव के दूसरे दिन 20 अगस्त को दोपहर 3 बजे से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में उज्जैन के महाकाल बाबा का स्वरूप श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देता नजर आएगा। इसके साथ नासिक ढोल, रोबोटिक झांकियां एवं आकर्षक धार्मिक झांकियां शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगी।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागी बनने तथा अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कल्लाजी बावजी के जन्मोत्सव का लाभ लेने का आह्वान किया है।