उदयपुर नगर निगम चुनाव: आरक्षण का ऐलान, अब बदलेगा वार्डों का सियासी समीकरण कहीं महिला, कहीं SC-ST तो कहीं OBC वर्ग को मौका, देखिए आपके वार्ड की पूरी आरक्षण सूची
उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में आरक्षण की तस्वीर आज साफ हो गई। जिला परिषद सभागार में सुबह 11 बजे से वार्डवार लॉटरी प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान बच्चों के हाथों अलग-अलग कैटेगरी के नाम वाली पर्चियां निकलवाई गईं, और इसी प्रक्रिया के जरिए वार्डों का आरक्षण तय किया गया। करीब एक घंटे में सभी 80 वार्डों की लॉटरी पूरी हुई।
80 वार्डों में से 48 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए रखे गए हैं, जिनमें 16 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं इस बार मेयर की सीट अनारक्षित (ओपन) रखी गई है। यानी मेयर पद पर किसी भी वर्ग का कोई भी व्यक्ति दावेदारी कर सकता है।

लॉटरी प्रक्रिया उदयपुर कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़ और जितेंद्र ओझा की मौजूदगी में पूरी करवाई गई।
80 वार्डों का आरक्षण इस प्रकार है—
• सामान्य (ओपन) — 32 वार्ड
• सामान्य (महिला) — 16 वार्ड
• ओबीसी (ओपन) — 11 वार्ड
• ओबीसी (महिला) — 5 वार्ड
• एससी (ओपन) — 5 वार्ड
• एससी (महिला) — 3 वार्ड
• एसटी (ओपन) — 5 वार्ड
• एसटी (महिला) — 3 वार्ड
आरक्षण की तस्वीर साफ होने के साथ ही अब उदयपुर नगर निगम चुनाव में संभावित दावेदारों और राजनीतिक समीकरणों को लेकर हलचल तेज होने की उम्मीद है।





