उदयपुर में सड़क हादसे में सास-दामाद की मौतः 10 साल का मासूम भी घायल, पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पलटा
उदयपुर में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर मालवा चौराहे के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सास और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 10 साल का पोता और ट्रक ड्राइवर गंभीर घायल हो गए। हादसा यहीं नहीं रुका।
ट्रक के पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रेलर ड्राइवर भी गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर जाम हो गया।
सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और बेकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत उदयपुर एमबी हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया। वहीं, कार में फंसी मृतक महिला और युवक को बाहर निकालकर मालवा चौराहा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
उदयपुर से जोधपुर जा रहा थे सास-दामाद और पोता
बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह मेडतिया ने बताया कि हादसे में कार सवार सास दया भट्ट (55) और उनके दामाद पुष्पराज (32) की मौत हो गई। जबकि सास का 10 साल का पोता गंभीर घायल हो गया। जिसका हॉस्पिटल में इलाज जारी है। जोधपुर निवासी ये परिवार उदयपुर से पिंडवाड़ा होते हुए जोधपुर जा रहा था।
उन्होंने बताया कि हादसे में ट्रक ड्राइवर और एक ट्रेलर ड्राइवर भी घायल हैं, उन्हें भी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। क्रेन की मदद से ट्रक, कार और ट्रेलर को साइड में कराकर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई गई।
थानाधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी है। उनके उदयपुर पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। साथ ही लिखित रिपोर्ट लेने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
