उदयपुर में तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, 50 फीट तक घसीटा, उछलकर सड़क पर गिरी

January 30, 2026 | priyanshu chouhan | Crime

उदयपुर। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। 26 जनवरी को सुखेर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें एक तेज रफ्तार कार दो महिलाओं को पीछे से टक्कर मारते हुए करीब 50 फीट तक घसीटती नजर आ रही है।

हादसे में घायल एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और पांच दिन बीतने के बाद भी उसे होश नहीं आया है, जबकि दूसरी महिला को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।

पैदल घूम रही महिलाओं को मारी टक्कर

हादसा 26 जनवरी दोपहर करीब 3:25 बजे का है। अरिहंत नगर (कालका माता रोड) निवासी कविता चौधरी (48) और उनकी पड़ोसी सुशीला देवी (49) खाना खाने के बाद रूपसागर पाल क्षेत्र में पैदल घूम रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई ब्लू रंग की स्कोडा कार (RJ-27 CQ 1196) ने दोनों को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क का दूसरा हिस्सा पूरी तरह खाली होने के बावजूद कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिलाओं को चपेट में ले लिया।

50 फीट तक घसीटता ले गया कार चालक

कविता चौधरी के पति दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि टक्कर के बाद कार चालक महिलाओं को करीब 50 फीट तक घसीटता ले गया। टक्कर के कारण कविता सड़क पर उछलकर गिरीं, जिससे उनके सिर के अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोट आई।

वर्तमान में कविता एक निजी अस्पताल में वेंटीलेटर पर भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दूसरी महिला को जयपुर रेफर

हादसे में घायल सुशीला देवी के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वह किराए के मकान में अपनी बेटी के साथ रहती हैं। परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर ले जाया है।

पुलिस ने कार जब्त की, जांच जारी

सुखेर थाने के हेड कॉन्स्टेबल भरत सिंह राणावत ने बताया कि हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान कार चालक ने बताया कि तेज गति के कारण कार का बैलेंस बिगड़ गया था।

उन्होंने बताया कि दोनों घायल महिलाओं की हालत गंभीर है। ऐसे में पीड़ितों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।