जिंदा बेटी का शोक संदेश छपवाया, मृत्युभोज किया: शादी के 2 महीने बाद प्रेमी के साथ भागी, वसीयत से भी किया बेदखल

February 6, 2026 | desk | News

उदयपुर में एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी का शोक संदेश छपवाया है। इतना ही नहीं, पिता समेत पूरे परिवार ने बेटी को मृत मानते हुए उसका गौरणी धूप दस्तूर (मृत्युभोज) भी किया। पिता ने बेटी को वसीयत से भी बेदखल करने का निर्णय लिया। साथ ही, उसके साथ रिश्ता भी तोड़ दिया। मामला उदयपुर शहर से सटे प्रतापनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है।

दरअसल, परिवार ने 2 महीने पहले ही बेटी की पूरे रीति-रिवाज के साथ उनके ही समाज के युवक से शादी करवाई थी। लेकिन बेटी ने पति और ससुराल वालों को धोखा देकर प्रेम विवाह कर लिया।

इतना ही नहीं, बेटी दोनों परिवारों से नाता तोड़कर युवक के साथ भाग गई। बेटी की इस हरकत का पिता और परिवार को पता चला तो उन्होंने उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी।

बेटी की जिद से आहत पिता ने किया मृत्युभोज

पिता ने बताया – 2 महीने पहले ही अपनी बेटी की शादी की थी। 23 जनवरी को वह ससुराल छोड़कर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। पुलिस की मदद से वे 28 जनवरी को बेटी तक पहुंचे। इसके बाद बेटी से 2 दिनों में 2 बार बात की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी।

बेटी ने उनसे कोई भी संबंध रखने से इनकार कर दिया और कहा कि वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती है। हमने उसे बहुत समझाया, पर वह नहीं मानी और सिर्फ उसी लड़के के साथ रहना चाहती थी।

हमने उसी दिन उसे मृत मान लिया और हिंदू धर्म के अनुसार किसी के मरने पर जो सामाजिक रीति-रिवाज निभाए जाते हैं, वे सभी निभाए। पिता ने कहा- अब उनका उससे कोई लेना-देना नहीं है; उनके लिए वह मर चुकी है।

ये खबर भी पढ़ें