उदयपुर: जिंदा बेटी का पिता ने कर दिया मृत्युभोज, तीन बच्चों को छोड़ दूसरे से रचाई शादी, माता-पिता को पहचानने से किया इनकार

January 15, 2026 | desk | News

उदयपुर जिले के ओगणा क्षेत्र से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी को सामाजिक रूप से मृत मानते हुए उसकी शोक पत्रिका छपवाई और मृत्युभोज तक करवा दिया।

जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए और शुरू में सब कुछ सामान्य चल रहा था। लेकिन 23 अक्टूबर 2025 को महिला अपने पति और तीन बच्चों को छोड़कर गांव के ही एक व्यक्ति के साथ चली गई और उससे दूसरी शादी कर ली।

परिजनों ने बेटी को समझाने की काफी कोशिश की और गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई। पुलिस ने महिला को तलाश कर परिजनों और बच्चों से मिलवाया, लेकिन उसने अपने माता-पिता और बच्चों को पहचानने से इनकार कर दिया। पुलिस, परिजन और समाज के लोगों की ओर से कई बार समझाइश के प्रयास किए गए, लेकिन महिला अपने फैसले पर अड़ी रही।

इस घटना से आहत पिता पूरी तरह टूट गए। इसके बाद परिवार ने समाज के सामने 6 जनवरी को बेटी को मृत घोषित करने का फैसला किया। बाकायदा शोक पत्रिका छपवाकर रिश्तेदारों और समाज के लोगों में बांटी गई।

13 जनवरी को कातरिया रस्म के तहत महिला के पिता ने मुंडन कराया और 14 जनवरी को गौरणी-धूप (मृत्युभोज) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य लोग और रिश्तेदार मौजूद रहे। पिता ने बेटी को अपनी संपत्ति की वसीयत से बेदखल करने का भी निर्णय लिया है।

महिला के पिता का कहना है,

“जिस दिन हमारी बेटी ने हमें और अपने बच्चों को पहचानने से इनकार कर दिया, उसी दिन वह हमारे लिए मर चुकी थी।”

वहीं महिला के भाई ने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी पुलिस के साथ मिलकर समझाइश का प्रयास किया गया था, लेकिन वह नहीं मानी। उन्होंने कहा कि यह कदम समाज में एक उदाहरण के तौर पर उठाया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह के मामले न हों और किसी के बच्चे बेसहारा न हों।