उदयपुर में बदमाशों ने महिला को स्कॉर्पियो से कुचलाः घर के बाहर खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ की, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार
उदयपुर में बदमाशों ने स्कॉर्पियो गाड़ी से महिला को कुचल कर मार डाला। महिला के बेटे का आरोपियों से पहले से विवाद चल रहा था। दोपहर में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। शाम को स्कॉर्पियो और दो थार में 20-25 बदमाश पहुंचे।
बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों पर पथराव कर दिया। आवाज सुनकर उर्मिला कंवर (52) पत्नी फतहसिंह घर से बाहर आईं तो भागते समय बदमाशों ने स्कॉर्पियो से उर्मिला को कुचल दिया। उनको पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने कहा-जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक शव नहीं उठाएंगे।

घटना शुक्रवार शाम करीब 5:43 बजे प्रताप नगर थाना क्षेत्र में एयरपोर्ट मार्ग स्थित कपिल विहार कॉलोनी की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा के नांदसा निवासी यशप्रताप सिंह व उसके चित्तौड़गढ़ के मीनाड़ा निवासी यशपाल सिंह झाला के बीच रंजिश चल रही है। शुक्रवार दोपहर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। महिला उर्मिला कंवर के बेटे दिव्यराजसिंह यशप्रताप के साथ था। बताया जा रहा है कि दोपहर के झगड़े के बाद शाम को यशपाल सिंह करीब 10-15 लोगों के साथ तीन एसयूवी में सवार होकर दिव्यराज के कपिल विहार स्थित घर पहुंचा। फिर वहां खड़ी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार
भाजपा राजसमंद के जिला मेंबर विश्वनाथ प्रताप सिंह उदयपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मेरे रिलेटिव दिव्यराजसिंह उदयपुर के कपिल विहार में रहते थे। उनके घर के बाहर खड़ी गाड़ियों पर बदमाशों ने पत्थर बरसा कर नुकसान पहुंचाया।
तीन गाड़ियों में करीब 20 से 25 लोग आए और दो कारों पर पत्थर फेंके। इस दौरान दिव्यराजसिंह की मां शोर सुनकर बाहर आईं और भागते बदमाशों को रोकने का प्रयास करने लगीं। इस पर बदमाशों ने उनकी मां को कार से कुचल दिया। सभी बदमाशों को पकड़ा जाए और उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक हम शव नहीं उठाएंगे।
