सावन की लहर-2026′ में छाए राजस्थानी रंग, लहरिया में सजी महिलाओं ने बिखेरी सावन की खूबसूरती 30 से अधिक प्रतिभागियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, रंजिता चुंडावत ने जीता ‘सावन की लहर’ का खिताब

August 19, 2026 | priyanshu chouhan | Culture

सावन मास की रंग-बिरंगी परंपराओं और राजस्थानी संस्कृति को समर्पित ‘सावन की लहर-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक परिधानों और सावन की उमंग का खूबसूरत संगम देखने को मिला।

आयोजनकर्ता ट्विंकल राजावत, मानसी सिंह पंवार एवं प्रेरणा राजावत ने बताया कि कार्यक्रम में 30 से अधिक युवतियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी राजस्थानी लहरिया और पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर शामिल हुईं और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सावन की खुशियों एवं राजस्थान की लोक संस्कृति को जीवंत किया।

कार्यक्रम के दौरान सावन मास के त्योहारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों पर आधारित विभिन्न नृत्य एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने राजस्थानी संस्कृति और सावन की उमंग को अपनी प्रस्तुतियों के जरिए खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। ‘सावन की लहर’ का खिताब श्रीमती रंजिता चुंडावत को प्रदान किया गया। वहीं श्रेष्ठ पोशाक के लिए श्रीमती शिवानी जीनगर और सर्वश्रेष्ठ सावन आधारित नृत्य के लिए श्रीमती कविता चौधरी को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों, लोक संस्कृति और उत्साह के साथ सावन का आनंद लिया। आयोजनकर्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य राजस्थानी संस्कृति, पारंपरिक परिधानों और लोक उत्सवों को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।