‘थोड़ी देर में आऊंगा’ कहकर निकला था बेटा, दोस्त ने चाकू मारकर कर दी हत्या!!
“उदयपुर में नर्सिंग छात्र की दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी। छात्र परिजनों को बाइक ठीक कराने जाने की कहकर घर से निकला था। रास्ते में बाइक को धक्का देने की बात पर उसका दोस्त से विवाद हो गया। इसके बाद दोस्त ने उसे चाकू मार दिया। घटना सवीना थाना इलाके में सेक्टर-14 श्रीराम अपार्टमेंट के पास बुधवार रात 11 बजे की है।”
“सवीना खेड़ा निवासी छात्र दिनेश मीणा (23) के परिजनों के पास एमबी हॉस्पिटल से रात 11:45 बजे फोन आया कि उनका बेटा भर्ती है। परिजन हॉस्पिटल पहुंचे तो डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद से दिनेश के परिजन और समाज के लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरना दे रहे हैं। परिजनों ने चेतावनी दी है कि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किए जाने तक पोस्टमॉर्टम नहीं कराएंगे।”

“चाकू मारने वाले की तलाश कर रही पुलिस”
“थानाधिकारी गजवीर सिंह सोलंकी ने बताया- पुलिस जांच में सामने आया कि दिनेश, ललित गमेती और एक अन्य दोस्त बाइक पर साथ में थे। दिनेश और ललित के बीच बाइक को धक्का देने की बात पर झगड़ा हुआ था।”
“गुस्से में ललित ने दिनेश पर चाकू से वार कर दिया। दिनेश गंभीर घायल हो गया। ललित वहां से फरार हो गया। ऐसे में तीसरा दोस्त उसे एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।”
“थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर टीमें कोशिश में जुटी हैं।”
“मां बोली- मुझे मेरा बेटा चाहिए”
“दिनेश के पिता दोलाराम मीणा ने बताया- शाम करीब 6 बजे बेटा बाइक ठीक कराने की बात कहकर घर से निकला था। फिर रात को हमें हॉस्पिटल से फोन आया कि बेटा यहां भर्ती है। हॉस्पिटल पहुंचे तो बेटा मृत अवस्था में मिला।”
“मां सूरज ने कहा- मुझे मेरा लड़का चाहिए और कुछ नहीं। बेटे से मेरी अंतिम बात बुधवार रात 9 बजे हुई थी। जब मैंने उसको फोन कर पूछा था कि घर कब तक आएगा। उसने बोला कि थोड़ी देर मैं आ रहा हूं।”
“दिनेश उदयपुर में डाकन कोटड़ा स्थित वागड नर्सिंग कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था। हमलावर ललित उसी के गांव का रहने वाला है। वह कोई काम नहीं करता है।”
